ब्रिटेन में धमाका, 30 से अधिक घायल
https://parstoday.ir/hi/news/world-i38960-ब्रिटेन_में_धमाका_30_से_अधिक_घायल
उत्तर पश्चिमी ब्रिटेन के शहर लिवरपूल में हुए एक धमाके में कम से कम 30 लोगों के घायल होने की सूचना है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Mar २६, २०१७ १४:५८ Asia/Kolkata
  • ब्रिटेन में धमाका, 30 से अधिक घायल

उत्तर पश्चिमी ब्रिटेन के शहर लिवरपूल में हुए एक धमाके में कम से कम 30 लोगों के घायल होने की सूचना है।

प्राप्त समाचारों के अनुसार ब्रिटेन की एक इमारत में ज़ोरदार धमाका हुआ है। धमाके में अब तक 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं, घायलों में कई की हालत चिंताजनक है। स्थानीय पुलिस के अनुसार यह संदिग्ध विस्फोट रविवार को दक्षिण लिवरपूल में स्थित एक आवासीय इमारत में हुआ जिससे 30 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए तुरंत नज़दीक के एक अस्पताल ले जाया गया है।

मौक़े पर मौजूद पुलिस अधिकारियों के मुताबिक़ कई घायलों की स्थिति चिंताजनक है। प्रांभिक जांच में पुलिस इस धमाके का कारण गैस रिसाव बता रही है लेकिन किसी और आशंका से भी इंकार नहीं कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हालिया आतंकवादी घटनाओं को देखते हुए हर पहलु की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाका इतना भीषण था कि जिस इमारत में विस्फोट हुआ है वह पूरी तरह से तबाह हो गई है और साथ ही आसपास की इमारतों को भी नुक़सान हुआ है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह धमाका गैस रिसाव से नहीं लगता है इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।

ब्रिटिश मीडिया का कहना है कि विस्फोट इतना भयंकर था कि उक्त इमारत के मलबे नज़दीक की इमारतों और घरों से जा टकराए। पुलिस ने आसपास की इमारतों को खाली करा लिया जबकि लगभग 100 लोगों को स्थानीय चर्च ले जाया गया। ब्रिटेन की पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। (RZ)