मिस्र में सरकार विरोधी प्रदर्शन
मिस्र में गिरजाघरों में होने वाले आत्मघाती हमलों के बाद मिस्रवासियों ने सरकार के विरोध में प्रदर्शन किये हैं।
क़ाहिरा से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार मिस्र के एलेक्ज़ंडरिया नगर के सैकड़ों लोगों ने सड़कों पर निकलकर सरकार विरोधी प्रदर्शन किये। वे लोग यह नारे लगा रहे थे कि मिस्र का सुरक्षातंत्र, जनता की सुरक्षा में विफल रही है। कुछ लोगों ने उन गिरजाघरों के बाहर एकत्रित होकर भी सरकार की अक्षमता के विरुद्ध प्रदर्शन किये। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा में सरकार विफल रही है।
ज्ञात रहे कि रविवार को मिस्र के " तन्ता" और " अलेक्जेंडरिया" में होने वाले भीषण बम विस्फोटों में लगभग 46 लोगों की मौत हो गई थी और 100 से अधिक लोग घायल हुए थे। मिस्र के राष्ट्रपति अस्सीसी ने दो शहरों के गिरजाघरों में विस्फोटों के बाद इस देश में तीन महीने के आपातकाल की घोषणा की है।