ट्रम्प ने स्वीकारा, अमरीका रूस के बीच बढ़ते तनाव की बात
https://parstoday.ir/hi/news/world-i39990-ट्रम्प_ने_स्वीकारा_अमरीका_रूस_के_बीच_बढ़ते_तनाव_की_बात
अमरीका द्वारा सीरिया पर किए गए मीज़ाइल हमले के बाद वॉशिंगटन और रूस के बीच बढ़े तनाव को ट्रम्प ने भी स्वीकार किया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr १३, २०१७ १५:२६ Asia/Kolkata
  • ट्रम्प ने स्वीकारा, अमरीका रूस के बीच बढ़ते तनाव की बात

अमरीका द्वारा सीरिया पर किए गए मीज़ाइल हमले के बाद वॉशिंगटन और रूस के बीच बढ़े तनाव को ट्रम्प ने भी स्वीकार किया है।

प्राप्त समाचारों के अनुसार अमरीकी राष्ट्रपति डोनॉल्ड ट्रम्प ने वॉशिंगटन और मास्को के संबंध में ज़बरदस्त तनाव को स्वीकार करते हुए कहा है कि उन्होंने नेटो के संबंधित चुनाव प्रचार के दौरान जो कहा था वह सही नहीं था। ट्रम्प ने कहा कि नेटो पुरानी संस्था नहीं है और अभी उसकी आवश्यकता बाकी है।

अमरीकी राष्ट्रपति ने नेटो के महासचिव यन्स स्टोलटनबर्ग के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि अमरीका और रूस के बीच के संबंध अबतक के अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने अपने चुनाव प्रचार के दौरान नेटो पर किए गए हमले को ग़लत बताते हुए कहा कि नेटो को समाप्त नहीं किया जाना चाहिए। याद रहे कि अमरीकी राष्ट्रपति ने अपने चुनाव अभियान के दौरान कई बार नेटो को पुराना और अर्थहीन संगठन क़रार दिया था।

डोनॉल्ड ट्रम्प ने इस बात पर बल देते हुए कि मौजूदा परिस्थितियों में वाशिंगटन और मास्को एक दूसरे के नज़दीक नहीं आ सकते एक बार फिर जनमत को धोखा देने वाला बयान दिया कि मैं आशा व्यक्त करता हूं कि रूस और अमरीका के संबंधों में बहुत जल्द सुधार आएगा। ट्रम्प ने सीरिया में हुए रासायनिक हमले के बारे में वाशिंगटन के दावे को दोहराते हुए कहा कि हो सकता है रूस को पहले से इस हमले की जानकारी हो।

दूसरी ओर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमरीकी दावे को सख्ती के साथ खारिज करते हुए कहा कि, ट्रम्प के सत्ता में आने के बाद से मास्को और वाशिंगटन के बीच संबंध और अधिक ख़राब हो गए हैं। उल्लेखनीय है कि हालिया  दिनों में सीरिया संकट के मुद्दे पर अमरीका और रूस के बीच संबंधों में तनाव और संभावित टकराव की स्थिति उत्पन हो गई है। (RZ)