सीरिया में संघर्ष विराम मज़बूत बनाएंगे ईरान, रूस और तुर्की
(last modified Sat, 22 Apr 2017 05:12:51 GMT )
Apr २२, २०१७ १०:४२ Asia/Kolkata
  • सीरिया में संघर्ष विराम मज़बूत बनाएंगे ईरान, रूस और तुर्की

रूस के विदेशमंत्री ने कहा कि सीरिया में जारी संघर्ष विराम को मज़बूत बनाने के लिए ईरान, रूस और तुर्की के सहयोग यथावत जारी रहेंगे।

सीरिया में संघर्ष विराम 30 दिसंबर 2016 से लागू हुआ जिसमें ईरान और रूस ने सीरिया सरकार का प्रतिनिधित्व किया जबकि आतंकवादियों का प्रतिनिधित्व तुर्की ने किया था। सीरिया में जारी संघर्ष विराम की सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव में भी पुष्टि की गयी।

सीरिया की सेना और कुछ सशस्त्र विरोधी गुट ही संघर्ष विराम का सम्मान कर रहे हैं। रूस के विदेशमंत्री सर्गेई लावरोफ़ ने कहा कि मास्को, तेहरान और अंकारा, सीरिया में संघर्ष विराम के उल्लंघन के मामले पर आने वाली प्रतिक्रियाओं का जवाब देने के लिए सहयोग कर रहे हैं।

रूस के विदेशमंत्री ने कहा कि आस्ताना वार्ता की परिधि में सहमति के लिए उन क्षेत्रों में जहां संघर्ष विराम स्वीकार किया गया है, सभी लोग एकजुट हों और इनमें से आतंकवादियों को अलग करने के लिए एक दूसरे की सहायता करें।

आस्ताना वार्ता का पहला चरण 23 और 24 जनवरी को ईरान, रूस और तुर्की के सहयोग से आयोजित हुआ था जिसमें सीरिया सरकार तथा सशस्त्र विरोधियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। (AK)