आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष जारी रहेगाः मिस्र
मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फ़त्ताह सीसी ने कहा है कि सरकार, आतंकवादी गुटों से संघर्ष जारी रखेगी।
अनातोली समाचार एजेन्सी की रिपोर्ट के अनुसार मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फ़त्ताह सीसी ने शनिवार को मिस्र के काप्टिक ईसाइयों पर हुए आतंकी हमले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उनका देश, आतंकियों के ठिकानों पर चाहे वह देश के भीतर हों या बाहर हमले का दृढ़ संकल्प कर चुका है।
ज्ञात रहे कि मिस्र के मीनिया प्रांत में एक बस पर कुछ सशस्त्र लोगों ने हमला करके कम से कम 26 काॅप्टिक ईसाइयों की हत्या कर दी।
इस हमले में बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए थे। बताया जाता है कि हमलावरों की संख्या 10 थी जो पुलिस की वर्दी में थे। आतंकवादी गुट दाइश ने इससे पहले काप्टिक ईसाईयों के चर्च पर हमले की ज़िम्मेदारी स्वीकार की थी।
दूसरी ओर यह भी समाचार प्राप्त हो रहे हैं कि मिस्री सेना ने दक्षिणी क़ाहिरा में ईसाइयों पर हुए हमले के बाद लीबिया में आतंकी गुट के ठिकानों पर हवाई हमले किए।
फेसबुक एवं ट्विटर के अपने आधिकारिक पेज पर जवाबी कार्यवाही करने की घोषणा करते हुए मिस्र सेना के प्रवक्ता ने एक छोटा वीडियो पोस्ट किया, जिसमें सेना के विमानों को उड़ान भरते देखा जा सकता है।
बयान में कहा गया कि सेना का अभियान अभी जारी है। ईसाइयों पर हुए हमलें में आतंकियों का हाथ होने की जानकारी मिलने के बाद सेना ने यह हवाई हमले किए। (AK)