उत्तरी कोरिया से युद्ध के बहुत भयानक परिणाम निकलेंगेः अमरीका
अमरीकी रक्षामंत्री का कहना है कि उत्तर कोरिया के साथ युद्ध के बहुत ही भयानक परिणाम सामने आएंगे।
जेम्ज़ मैटिस ने कहा कि कूटनीतिक प्रयासों की विफलता की स्थिति में एेसा युद्ध होगा जो पूरे विश्व के लिए ख़तरा बनेगा।
सीएनएन से बात करते हुए अमरीकी रक्षामंत्री ने दावा किया है कि उत्तरी कोरिया पूरे क्षेत्र विशेषकर दक्षिणी कोरिया, जापान और अमरीका के लिए एक गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि युद्ध की स्थिति के इसके दुष्परिणाम रूस और चीन को भी भुगतने होंगे। अमरीकी रक्षामंत्री ने कहा कि उत्तरी कोरिया के साथ युद्ध इतना ख़तरनाक होगा जिसे बहुत से लोगों ने अपने जीवन में कभी देखा ही नहीं होगा।
ज्ञात रहे कि उत्तरी कोरिया के बारे में अमरीका के दोहरे मापदंडों के कारण क्षेत्र की स्थिति बहुत ही चिंता जनक हो चुकी है। उत्तरी कोरिया कई बार यह बात कह चुका है कि जबतक अमरीका और उसके घटक हमारे लिए ख़तरे उत्पन्न करते रहेंगे उस समय तक हम अपनी सैन्य क्षमता में वृद्धि करते रहेंगे।