दाइश ने ली काबुल हमले की ज़िम्मेदारी
कुख्यात आतंकवादी गुट दाइश ने काबुल हमले की ज़िम्मेदारी स्वीकार की है।
काबुल से हमारे संवाददाता के अनुसार दाइश ने यह बात स्वीकार की है कि उसके आतंकवादियों ने ही बुधवार को अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल के डिप्लोमैटिक क्षेत्र में आतंकवादी कार्यवाही की थी। बताया जा रहा है कि इस हमले का लक्ष्य, अफ़ग़ानिस्तान की राष्ट्रीय सुरक्षा के मुख्यालय को निशाना बनाना था जो काबुल के कूटनैतिक क्षेत्र में स्थित है।
अफ़ग़ानिस्तान के सुरक्षा सूत्रों ने बताया है कि विस्फोटक पदार्थों को पानी के एक टैंकर में भरा गया था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बुधवार को होने वाला विस्फोट इतना भीषण था कि इससे पास खड़े 50 से अधिक वाहन नष्ट हो गए।
ज्ञात रहे कि बुधवार की सुबह अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल के डिप्लोमैटिक क्षेत्र में स्थित जर्मन दूतावास के पास भीषण विस्फोट हुआ जिसमें 80 लोग हताहत और 350 घायल हो गए।