क़तर के बारे में ट्रम्प के ट्वीट पर प्रतिक्रिया
क़तर में उत्पन्न हुए राजनैतिक संकट के बारे में अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के विवादित ट्वीट पर देश और देश के बाहर विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
अमरीकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता शाॅन स्पाइसर ने ट्रम्प के ट्वीट से भिन्न प्रतिक्रिया में कहा कि वाॅशिंग्टन मध्यपूर्व में सभी पक्षों से संपर्क कर रहा है ताकि क़तर संकट से संबंधित मामलों को सुलझाया जा सके और उनके बीच सहयोग को बहाल किया जा सके। उन्होंने कहा कि अमरीका चाहता है कि तनाव कम हो और यह संकट उस सिद्धांत के आधार पर तुरंत हल किया जाए जो राष्ट्रपति ट्रम्प ने आतंकवाद की आर्थिक सहायता से संघर्ष के संबंध में निर्धारित किया है। स्पाइसर का यह बयान एेसी स्थिति में सामने आया है कि जब ट्रम्प ने अपने एक ट्वीट में क़तर को आतंकवाद का समर्थक बताया था। उन्होंने सऊदी अरब द्वारा क़तर से कूटनैतिक संबंध तोड़ने के तुरंत बाद यह ट्वीट किया था। उनका यह ट्वीट, पश्चिमी एशिया में नया राजनैतिक व आर्थिक संकट उत्पन्न करने के सऊदी अरब के क़दम के प्रति अमरीका के समर्थन का सूचक है।
अलबत्ता यह मतभेद सिर्फ़ वाॅशिंग्टन तक सीमित नहीं हैं बल्कि यूरोपीय देशों तक भी पहुंच गए हैं। ट्रम्प के विवादित ट्वीट के साथ ही साथ फ़्रान्स के नए राष्ट्रपति एमानोएल मैक्रोन ने क़तर नरेश शैख़ तमीम बिन हमद के समर्थन की घोषणा कर दी। जर्मन अधिकारियों ने भी राजनैतिक संकट खड़ा करने और क़तर का आर्थिक परिवेष्टन करने के कारण सऊदी अरब की आलोचना की है। क़तर का राजनैतिक संकट और पेरिस समझौते से निकलने का ट्रम्प का फ़ैसला और नैटो के सदस्य देशों के रक्षा बजट में वृद्धि की उनकी मांग एेसे विषय हैं जो अमरीका व यूरोपीय देशों के बीच खाई बढ़ा सकते हैं। (HN)