अमरीकी नीतियों को सफल नहीं होने देंगेः राउल कास्त्रो
https://parstoday.ir/hi/news/world-i43906-अमरीकी_नीतियों_को_सफल_नहीं_होने_देंगेः_राउल_कास्त्रो
क्यूबा की सरकार ने अपने देश को लेकर अमेरिका की घोषित नीति को ख़ारिज कर दिया है। 
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jun १८, २०१७ ११:१६ Asia/Kolkata
  • अमरीकी नीतियों को सफल नहीं होने देंगेः राउल कास्त्रो

क्यूबा की सरकार ने अपने देश को लेकर अमेरिका की घोषित नीति को ख़ारिज कर दिया है। 

क्यूबा का कहना है कि कि इस द्वीप पर राजनीतिक व्यवस्था बदलने का हर प्रयास विफल सिद्ध होगा।

क्यूबा के राष्ट्रपति राउल कास्त्रो ने ट्रंप की घोषणा पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि ऐसी हर रणनीति को विफलता का सामना करना पड़ेगा जिसका लक्ष्य क्यूबा की राजनीतिक, आर्थिक या सामाजिक व्यवस्था में बदलाव करना हो।  राउल कास्त्रो ने कहा कि यह नीतियां चाहे दवाब बनाकर या प्रतिबंध लगाकर लागू की जाएं या फिर किसी अन्य चालाकी भरी चाल के माध्यम से हों निश्चित रूप से विफल रहेंगी।  कास्त्रो ने कहा कि अमेरिका हमे सबक़ सिखाने की स्थिति में नहीं है।   

ज्ञात रहे कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने क्यूबा पर नए यात्रा एवं व्यापार प्रतिबंध लगा दिए हैं।  उन्होंने शुक्रवार को मियामी में एक रैली के दौरान कहा था कि पिछली सरकार द्वारा क्यूबा पर लगे यात्रा एवं व्यापार प्रतिबंधों में ढील देने से क्यूबा के लोगों को कोई मदद नहीं मिलेगी।  डोनाल्ड ट्रम्प ने पूर्व राष्ट्रपति ओबामा के क्यूबा समझौते को एकतरफा समझौता कहते हुए इसे रद्द कर दिया।

व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान के अनुसार अमरीका के लोग और कंपनियां क्यूबा के साथ कारोबार नहीं कर सकेंगी।  हालांकि ट्रम्प ने क्यूबा में अमरीकी दूतावास को बंद करने का फैसला नहीं किया है।  ट्रम्प ने कहा कि क्यूबा में अमरीकी दूतावास इस उम्मीद के साथ खुला रहेगा कि क्यूबा और अमरीका अधिक मज़बूत और बेहतर मार्ग बना सकें।

उल्लेखनीय है कि दिसंबर सन 2014 में अमेरिका और क्यूबा के संबंधों में सुधार देखने को मिला था।  अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने क्यूबा के साथ संबंध सामान्य बनाने की घोषणा की थी।  ओबामा मार्च 2016 में क्यूबा की यात्रा पर गए थे।  इस प्रकार से ओबामा, सन 1959 के बाद क्यूबा जाने वाले अमेरिका के पहले राष्ट्रपति थे।