उत्तरी कोरिया ने संबंध बहाली का दक्षिणी कोरिया का प्रस्ताव ठुकराया
दक्षिणी कोरिया की ओर से संबंध बहाली का प्रस्ताव दिए जाने के एक ही दिन बाद उत्तरी कोरिया ने उसे ठुकरा दिया है।
दक्षिणी कोरिया के राष्ट्रपति मून जाए इन ने, जो क्षेत्रीय नीतियों में परिवर्तन के नारे के साथ सत्ता में आए हैं, बुधवार को वर्ष 2020 तक उत्तरी कोरिया के साथ समझौते के लिए अपना प्रस्ताव पेश किया था। उन्होंने अपने प्रस्ताव में कहा था कि अगर पियुंग यांग अपने परमाणु हथियारों को नष्ट कर दे तो उत्तरी कोरिया की सरकार की रक्षा की गारंटी ली जाएगी।
गुरुवार को उत्तरी कोरिया की सरकार के मुखपत्र रोडोंग सिनमुन ने इस प्रस्ताव को मूर्खतापूर्ण बताते हुए कहा है कि दक्षिण कोरिया की सरकार को कोरिया प्रायद्वीप के बारे में अमरीका की नीतियों के अंधे अनुसरण के बजाए उस पर पुनर्विचार करना चाहिए। पत्र ने इसी तरह उत्तरी कोरिया के संबंध में सियोल की शत्रुतापूर्ण नीतियों की समाप्ति को, दोनों देशों के बीच शांति का द्वार खोलने की शर्त बताया है। (HN)