रूस ने दी दाइश को कड़ी धमकी
रूस ने आतंकवादी गुट दाइश को कड़ी धमकी देते हुए कहा है कि अफ़ग़ानिस्तान में उसे छोड़ेंगे नहीं।
अफ़ग़ानिस्तान में रूस के विशेष प्रतिनिधि ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि दाइश के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की बात को काबुल सरकार ने गंभीरता से नहीं लिया तो फिर हम ख़ुद मैदान में आएंगे।
मेहर न्यूज़ एजेन्सी के अनुसार रूसी प्रतिनिधि काबलोफ़ का कहना है कि उनके पास इस बात की सूचनाएं मौजूद हैं कि आतंकवादी गुट दाइश, मध्य एेशिया में अपना प्रभाव बनाने के उद्देश्य से अफ़ग़ानिस्तान में अपना मज़बूत ठिकाना बनाने के प्रयास में है। उन्होंने कहा कि एेसे में काबुल की सरकार और अफ़ग़ानिस्तान में मौजूद विदेशी सैनिकों को दाइश के विरुद्ध गंभीरता के साथ संघर्ष करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रूस की सरकार ने काबुल सरकार को बारंबार इस विषय की ओर से सचेत किया है कि अफ़ग़ानिस्तान में दाइश के आतंकवादियों की बढ़ती संख्या के बारे में वह निश्चेत न रहे। रूसी प्रतिनिधि का कहना था कि रूस इस बात को लेकर चिंतित है कि दाइश, मध्य एशिया में अपना प्रभाव बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तरी अफ़ग़ानिस्तान को प्रयोग कर रहा है।
ज्ञात रहे कि पिछले महीने रूस के विदेश मंत्रालय ने बताया था कि मास्को के पास एेसी सूचनाएं मौजूद हैं जिनसे पता चलता है कि अज्ञात हैलिकाप्टरों के माध्यम से दाइशी आतंकवादियों को एक स्थान से दूसरे स्थानों पर भेजा जा रहा है। साथ ही यह सूचनाएं भी मिली हैं कि पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान में दाइश को हथियार और गोलाबारूद उपलब्ध कराया जा रहा है।
रूसी प्रतिनिधि ने कहा कि हमारा यह मानना है कि तालेबान के साथ संघर्ष मे अमरीका विफल रहा है और अब वह दाइश का समर्थन करके अफ़ग़ानिस्तान में अपने बने रहने का औचित्य दर्शा रहा है।