मलेशियाः एशिया में फैलना चाहते हैं दाइशी आतंकी,
मलेशिया ने दक्षिण पूर्वी एशिया में दाइश का फैलाव बढ़ने की चेतावनी देते हुए कहा है दाइश ने इंडोनेशिया, मलेशिया, फ़िलीपीन और सिंगापुर में क़दम जमाने की धमकी दी है तो इस स्थिति में आतंकी संगठन को कोई मौक़ा नहीं दिया जाना चाहिए।
मलेशिया के रक्षा मंत्री हश्शामुद्दीन हुसैन ने एक पत्रकार सम्मेलन में कहा कि दक्षिण पूर्वी एशिया में यदि दाइश संगठन ने पांव जमा लिए तो मैं विश्वास दिलाना चाहता हूं कि यह संगठन पूरे क्षेत्र में बहुत तेज़ी से फैलेगा।
हुसैन ने कहा कि उनके देश ने दाइश का दंश झेल रहे फ़िलिपीन के लिए मानवता प्रेमी सहायता भेजी है जहां दाइशी आतंकियों और सेना के लड़ाई के बीच मरावी नगर के लोग बड़ी संख्या में विस्थापित हुए हैं।
सीरिया और इराक़ में दाइश के ठिकाने ध्वस्त हो जाने और उसके नियंत्रण वाले क्षेत्रों के आज़ाद करा लिए जाने के बाद यह आतंकी संगठन अन्य देशों का रुख़ करने की चेष्टा में है। दाइश में शामिल होने के लिए विश्व के 80 से अधिक देशों के आतंकी तुर्की के रास्ते से सीरिया और इराक़ गए थे जो अब वहां से भाग रहे हैं।
तुर्की ने इस मामले में बहुत ख़तरनाक भूमिका निभाई जिसका ख़मियाज़ा वह भुगत रहा है। तुर्की की अर्दोग़ान सरकार किसी भी क़ीमत पर सीरिया की बश्शार असद सरकार का तख्ता उलट देने के जुनून में आतंकियों की भी भरपूर मदद कर रही थी।