अमरीका से छिड़ सकती है आर्थिक जंगः जर्मनी
https://parstoday.ir/hi/news/world-i46336-अमरीका_से_छिड़_सकती_है_आर्थिक_जंगः_जर्मनी
जर्मनी के वित्त मंत्री ब्रिगिड ज़िप्रीस का कहना है कि अमरीका की ओर से रूस पर लगाए गए नए प्रतिबंधों से जर्मन कंपनियों के लिए ख़तरा उत्पन्न हो गया है और इस तरह अमरीका के साथ जर्मनी की व्यापारिक जंग शुरू हो सकती है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul २८, २०१७ १६:१२ Asia/Kolkata

जर्मनी के वित्त मंत्री ब्रिगिड ज़िप्रीस का कहना है कि अमरीका की ओर से रूस पर लगाए गए नए प्रतिबंधों से जर्मन कंपनियों के लिए ख़तरा उत्पन्न हो गया है और इस तरह अमरीका के साथ जर्मनी की व्यापारिक जंग शुरू हो सकती है।

जर्मन वित्त मंत्री का कहना था कि विश्व व्यापार संघ के क़ानूनों के दायरे में रहते हुए यूरोपीय संघ जवाबी कार्यवाही पर विचार कर रहा है और हम आशा करते हैं कि अमरीका ने रूस पर जो प्रतिबंध लगाए हैं वास्तव में उनका निशाना यूरोपीय संघ नहीं होगा। जर्मन वित्त मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हाल ही में जो बिल पास किया है उसके बाद रूस के विरुद्ध संयुक्त रणनीति से अमरीका बाहर निकल गया है।

अमरीका और यूरोप के बीच कई मुद्दों पर मतभेद पहले से ही मौजूद हैं और इन परिस्थितियों में रूस, ईरान और उत्तरी कोरिया के विरुद्ध अमरीका ने जो नया बिल  पास किया है उससे मतभेदों के और बढ़ने की संभावना उत्पन्न हो गई है।

हालांकि अमरीका का कहना है कि उसने यूक्रेन और सीरिया संकट तथा अमरीका के राष्ट्रपति चुनावों में हस्तक्षेप के चलते रूस पर नए प्रतिबंध लगाए हैं लेकिन यह बात साफ़ है कि अमरीका की दृष्टि में कुछ दूसरे मुद्दे भी निश्चित रूप से हैं। रूस तेल व गैस का उत्पादन करने वाला विश्व का बड़ा देश है और अमरीका प्रतिबंधों की मदद से व्यापारिक प्रतिस्पर्धा में अपनी स्थिति मज़बूत करने की चेष्टा में है जिसके चलते अमरीका पर टिप्पणी की जा रही है। यूरोप को यह चिंता सता रही है कि अमरीका के प्रतिबंधों से यूरोपीय कंपनियों के लिए समस्याएं पैदा हो रही हैं और अमरीका जन बूझ कर यूरोपीय कंपनियों को मैदान से बाहर निकालने के लिए प्रतिबंधों का सहारा ले रहा है।