रूस के ख़िलाफ़ अमेरिकी प्रतिबंध ग़ैर क़ानूनी हैः जर्मनी
जर्मनी के विदेशमंत्री ने रूस के खिलाफ अमेरिका के नये प्रतिबंध को ग़ैर कानूनी बताते हुए कहा है कि अमेरिकी यूरोप की गैस बाज़ार को रूस से लेने के प्रयास में हैं।
समाचार एजेन्सी मेहर की रिपोर्ट के अनुसार ज़िगमार गैब्रियल ने यूरोप की गैस बाज़ार से रूस को हटाने के लिए अमेरिकियों के प्रयास को अनुचित कदम बताया और आशा जताई कि ट्रम्प रूस विरोधी प्रतिबंध पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे।
जर्मनी के विदेशमंत्री ने स्पष्ट किया है कि वाशिंग्टन को यूरोपियों के हितों को आघात नहीं पहुंचाना चाहिये।
यूरोपीय आयोग ने भी अभी हाल ही में जी-7 और यूरोपीय संघ की ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक हितों के प्रति रूस के खिलाफ अमेरिकी प्रतिबंधों के नकारात्मक परिणामों पर चिंता जताई थी।
ज्ञात रहे कि पिछले सप्ताह अमेरिकी कांग्रेस ने रूस के खिलाफ एक व्यापक प्रतिबंध के प्रस्ताव को पारित किया था।
इस प्रस्ताव के पारित होने के बाद कानून बनने के लिए अब उसे केवल राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के हस्ताक्षर की आवश्यकता है। रूस विरोधी इस प्रतिबंध में यूरोप निर्यात होने वाली रूसी गैस को लक्ष्य बनाया गया है। MM