तुर्की से डेमोक्रेसी समाप्त हो रही हैः जर्मनी
https://parstoday.ir/hi/news/world-i47156-तुर्की_से_डेमोक्रेसी_समाप्त_हो_रही_हैः_जर्मनी
अर्दोग़ान की सरकार यूरोपीय संघ से अधिक दूर होती जा रही है। जर्मन विदेशमंत्री
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug १०, २०१७ १५:१६ Asia/Kolkata

अर्दोग़ान की सरकार यूरोपीय संघ से अधिक दूर होती जा रही है। जर्मन विदेशमंत्री

जर्मनी की विदेशमंत्री ने तुर्की की इस कारण आलोचना की है कि उनके अनुसार तुर्की से धीरे- धीरे डेमोक्रेसी समाप्त होती जा रही है और उन्होंने बर्लिन के संबंध में तुर्की की नीति के बदले जाने और परस्पर सम्मान का आह्वान किया है।

उरसला ओन्डर लाइन ने बल देकर कहा कि तुर्की को किसी तर्क के बिना जर्मनी के नागरिकों को जेल में बंद नहीं करना चाहिये।

उन्होंने इससे पहले भी तुर्की की वर्तमान स्थिति की आलोचना की थी और कहा था कि तुर्की के राष्ट्रपति रजब तय्यब अर्दोग़ान की सरकार यूरोपीय संघ से अधिक दूर होती जा रही है।

पिछले एक वर्ष के दौरान विभिन्न मामलों को लेकर तुर्की और जर्मनी के मध्य मतभेदों में वृद्धि हो गयी है और दोनों देशों के अधिकारियों ने एक दूसरे के विरुद्ध तीव्र बयान दिये हैं।

जिन विषयों के बारे में तुर्की और जर्मनी के मध्य मतभेद हैं उनमें से एक 15 जुलाई वर्ष 2016 में तुर्की में होने वाले विफल सैन्य विद्रोह के समर्थकों के साथ इस देश की सरकार का रवइया है।

इसी तरह तुर्की की सरकार इस देश की उन सैनिक छावनियों के निरीक्षण की अनुमति जर्मन प्रतिनिधियों को नहीं दे रही है जिनमें स्वयं जर्मनी के सैनिक मौजूद हैं और इसी तरह जर्मनी के कुछ मानवाधिकार कार्यकर्ताओं को तुर्की में गिरफ्तार भी कर लिया गया है।

साथ ही तुर्की की सरकार कुर्दिस्तान लेबर पार्टी के कार्यकर्ताओं को आतंकवादी मानती है और उसने बारमबार कहा है कि जर्मनी में इस पार्टी के कार्यकर्ताओं की गतिविधियों को बंद किया जाना चाहिये।

तुर्की की सरकार का कहना है कि जर्मनी की सरकार सैन्य विद्रोह करने वालों और फत्हुल्लाह गूलेन की समर्थक है और वह फत्हुल्लाह गूलेन के समर्थकों को नियंत्रित करने के लिए अंकारा सरकार के साथ सहकारिता नहीं कर रही है।

इसके मुकाबले में यूरोपीय संघ और जर्मनी तुर्की पर आरोप लगाते हैं कि पिछले वर्ष तुर्की में जो सैन्य विद्रोह हुआ था उसकी आड़ में वह अपने राजनीतिक विरोधियों का सफाया कर रही है।

बहरहाल तुर्की और जर्मनी के मध्य छिड़े राजनीतिक विवाद का अंत कहां होगा यह कहना अभी समय से पूर्व है। MM