ट्रम्प करेंगे अफ़ग़ानिस्तान के बारे में नई रणनीति की घोषणा
अमरीकी राष्ट्रपति अफ़ग़ानिस्तान के संबन्ध में अमरीका की नई रणनीति की घोषणा करने वाले हैं।
लाॅस एंजलिस टाइम्स के अनुसार डोनाल्ड ट्रम्प सोमवार की रात अफ़ग़ानिस्तान के बारे में अमरीकी रणनीति की घोषणा करने जा रहे हैं। वाइट हाउस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि स्थानीय समय के अनुसार रात नौ बजे अपने टेलिवज़न संबोधन में ट्रम्प, अपनी नई नीति की घोषणा करेंगे। अमरीकी राष्ट्रपति ने मैरीलैण्ड में अपने राष्ट्रीय एवं सैन्य सलाहकारों के साथ अफ़ग़ानिस्तान के विषय पर विस्तार से चर्चा की है।
कहा जा रहा है कि वे अधिक अमरीकी सैनिकों को अफ़ग़ानिस्तान भेजने की घोषणा कर सकते हैं। यह भी कहा गया है कि अफ़ग़ानिस्तन में तैनात अमरीकी सैनिकों के अधिकारों में वृद्धि की जा सकती है। वर्तमान समय में अफ़ग़ानिस्तन में अमरीका के 8400 सैनिक तैनात हैं।
अफ़ग़ानिस्तान के बारे में अमरीका की नई रणनीति की घोषणा एेसी स्थिति में की जाएगी कि जब अफ़ग़ानिस्तान की सुरक्षा स्थिति बहुत ही बुरी हो चुकी है। बहुत से राजनैतिक टीकाकारों का कहना है कि जब से अमरीकी सैनिक अफ़ग़ानिस्तान में पहुंचे हैं उस समय से इस देश की सुरक्षा स्थिति पूर्व की तुलना में ख़राब होती जा रही है।