आंग सान सूची को चुप्पी तोड़नी होगीः जेर्मी कोरबन
ब्रिटेन के विपक्षी दल लेबर पार्टी के प्रमुख जेर्मी कोरबन का कहना है कि दूसरे देशों को पाकिस्तान के साथ सम्मान के साथ पेश आना चाहिए और उसकी आलोचना से बचना चाहिए।
बीबीसी से बात करते हुए जेर्मी कोरबन ने अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के पाकिस्तान से संबंधित हालिया बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि पाकिस्तान ऐसा देश है जिसके साथ इज़्ज़त से पेश आना चाहिए और उसकी बाहर से आलोचना नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के सफ़ाए के लिए समस्त देशों को यथासंभव भूमिका अदा करनी होगी और यह सबकी ज़िम्मेदारी है।
अमरीकी राष्ट्रपति की अफ़ग़ानिस्तान से संबंधित नीति के हवाले से ब्रिटिश विपक्षी दल के प्रमुख का कहना था कि डोनल्ड ट्रम्प की अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी सैनिकों की संख्या में वृद्धि की नई नीति, अफ़ग़ानिस्तान के बारे में उनकी विफल नीतियों का क्रम है, मैं इसका समर्थन नहीं करता क्योंकि अफ़ग़ानिस्तान के मुद्दे का हल, राजनैतिक वार्ता है।
म्यांमार में रोहिंग्या मुसलमानों पर अत्याचार और आंग सान सूची की आलोचना के बारे में पूछे गये एक प्रश्न के उत्तर में जेर्मी कोरबन ने कहा कि जब आंग सान सूची को घर में नज़रबंद किया गयो हमने उनके समर्थन में मार्च किए, अब उन्हें भी चाहिए कि वह रोहिंग्या की जनता के मानवाधिकार का ख़्याल रखें और इस बात को सुनिश्चित बनाएं कि उन्हें अपने ही देश में घरों से न निकाला जाए।
ब्रिटेन में आतंकवादी कार्यवाहियों के बाद मुसलमानों के विरुद्ध घृणा पर आधारित अपराध और तेज़ाब फेंकने जैसी घटना के बारे में विपक्षी दल के प्रमुख का कहना था कि घृणा पर आधारित अपराध चाहे मुसलमानों के विरुद्ध हों, यहूदियों के या किसी भी धर्म के विरुद्ध, उनकी जितनी भी निंदा की जाए कम है, हम सब एक राष्ट्र की हैसियत से इन हमलों के विरुद्ध एकजुट हैं और यह हमले किसी विशेष जाति पर नहीं बल्कि हम सब पर किए गये हैं। (AK)