सऊदी अरब को हथियार बेचने पर प्रतिबंध लगाया जाएः जेरमी कोरबिन
यमन में जारी युद्ध पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए जेरमी कोरबिन ने ब्रिटेन सरकार से मांग की है कि वह सऊदी अरब को हथियार बेचना बंद करे।
अलजज़ीरा टीवी चैनेल की रिपोर्ट के अनुसार ब्रिटेन की लेबर पार्टी के नेता ने कहा है कि ब्रिटेन जो हथियार, सऊदी अरब को बेचता है उन्ही हथियारों से यमन की जनता का नरसंहार किया जा रहा है।
जेरमी कोरबिन ने कहा कि दमनकारी शासकों को हथियार बेचने से रोकने के लिए ब्रिटेन को नए क़ानून की ज़रूरत है। यमन युद्ध के आरंभ होने के काल से ब्रिटेन ने सऊदी अरब को भारी मात्रा में हथियार और सैन्य उपकरण बेचे हैं जिनमें युद्धक विमान, हेलिकाप्टर, मिज़ाइल और अन्य चीज़ें शामिल हैं।
मार्च 2015 से यमन पर जारी सऊदी अरब के आक्रमण में अबतक कम से कम 12000 यमन वासी मारे जा चुके हैं जबकि हज़ारों की संख्या में निर्दोष यमनवासी घायल हुए हैं। यमन युद्ध में लाखों लोग बेघर हो गए।
ज्ञात रहे कि ब्रिटेन की सरकार ने पिछले दो वर्षों के दौरान सऊदी अरब को लगभग 4 अरब डालर के हथियार बेचने को स्वीकृति दी है।