क़ाहिरा मस्जिदे इमाम हुसैन बंद, हुसैनी अज़ादारों का ज़बरदस्त प्रदर्शन
मिस्र में शिया मुसलमानों और हुसैनी अज़ादारों ने क़ाहिरा की इमाम हुसैन नामक मस्जिद बंद किए जाने के सरकार के फ़ैसले की निंदा की है।
अलयौमुस्साबे की रिपोर्ट के अनुसार, क़ाहिरा में इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम नामक मस्जिद के प्रवेश द्वारा पर सैकड़ों की संख्या में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के बावजूद हज़ारों की संख्या में शीया मुसलमान और इमाम हुसैन से श्रद्धा रखने वालों ने प्रदर्शन किए और सरकार के इस फ़ैसले की कड़े शब्दों में निंदा की है।
मिस्र के वक़्फ़ मंत्रालय ने शनिवार को नवीं और दसवीं मुहर्रम के आगमन के अवसर पर इमाम हुसैन मस्जिद को बंद कर दिया और श्रद्धालुओं से कहा कि वह मस्जिद से निकट आने का प्रयास न करें।
मिस्र के वक़्फ़ मंत्रालय की इस कार्यवाही का कारण, हुसैनी अज़ादारों और कट्टरपंथियों के बीच टकराव को रोकना बताया जा रहा है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि मिस्र के कुछ कट्टरपंथी गुटों ने शिया मुसलमानों को मस्जिद में प्रवेश की धमकी दी थी। कट्टरपंथियों ने धमकी दी थी कि यदि शिया मुसलमानों ने इमाम हुसैन मस्जिद में घुसने का प्रयास किया तो उनके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
क़ाहिरा के शिया मुसलमानों ने मस्जिद के द्वार पर एकत्रित होकर पवित्र स्थलों को बंद करने और उनको अज़ादारी से रोकने के बजाए सरकार से शिया समुदाय और उनके पवित्र स्थलों की सुरक्षा की मांग है। ज्ञात रहे कि एक रिवायत के अनुसार कर्बला की घटना के बाद क़ाहिरा की उक्त मस्जिद में इमाम हुसैन अलैहिस्लाम का सिर दफ़्न है। (AK)