उत्तरी कोरिया से बातचीत का दरवाज़ा खुला हुआ हैः ट्रम्प
अमरीका के राष्ट्रपति ने, जिन्होंने कई बार उत्तरी कोरिया को सैन्य हमले की धमकी दी है, कहा है कि इस देश के साथ वार्ता का द्वार खुला हुआ है।
डोनल्ड ट्रम्प ने वाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि उत्तरी कोरिया के परमाणु कार्यक्रम के बारे में बातचीत के लिए इस देश के सामने दरवाज़े खुले हुए हैं। उन्होंने शुक्रवार को ईरान और गुट पांच धन एक के बीच हुए परमाणु समझौते के बारे में अपने विवादित भाषण से पहले कहा था कि यह देखना होगा कि उत्तरी कोरिया के हालात किस करवट बैठते हैं और अमरीका ने इस देश के बारे में अपने आपको कई विकल्पों के लिए तैयार कर रखा है।
अमरीकी राष्ट्रपति ने पिछले महीने संयुक्त राष्ट्र संघ की महासभा के अधिवेशन में भी उत्तरी कोरिया को पूरी तरह से तबाह करने की धमकी दी थी। अमरीका व उत्तरी कोरिया के बीच जारी तनाव, ट्रम्प के सत्ता में आने के बाद बहुत अधिक बढ़ गया है और प्यूंग यांग ने कहा है कि जब तक अमरीका व उसके घटक उत्तरी कोरिया को धमकाना बंद नहीं करते तब तक वह अपनी सैन्य व प्रतिरक्षा क्षमताओं को मज़बूत बनाना जारी रखेगा। (HN)