यूरोपीय विदेशमंत्रियों ने जेसीपीओए का समर्थन किया, अमरीका हुआ अलग थलग
यूरोपीय संघ के विदेशमंत्रियों ने संयुक्त समग्र कार्य योजना जेसीपीओए के विषय पर आयोजित यूरोपीय संघ की एक बैठक में इस अंतर्राष्ट्रीय समझौते की रक्षा की आवश्यकता पर बल दिया।
फ़ार्स न्यूज़ एजेन्सी की रिपोर्ट के अनुसार ब्रिटेन के विदेशमंत्री बोरिस जान्सन ने लक्ज़ंबर्ग में यूरोपीय संघ के दूसरे विदेशमंत्रियों के साथ बल दिया कि ब्रिटेन सहित यूरोप ईरान के साथ परमाणु समझौता जारी रखेगा क्योंकि यह समझौता पूरी दुनिया के लिए अच्छा है।
इस बैठक में हालैंड के विदेशमंत्री ब्रेट कोन्डर्स ने भी जेसीपीओए को बहुत महत्वपूर्ण और सार्थक समझौता बताया और कहा कि जेसीपीओए से निकलने का नुक़सान केवल अमरीका को नहीं बल्कि यूरोप और विश्व समुदाय को होगा। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि वाशिंग्टन इस विषय को समझने का प्रयास करेगा।
लक्ज़ंबर्ग के विदेशमंत्री जान स्लोबर्न ने भी कहा कि भौगोलिक दृष्टि से यूरोप ईरान से निकट है और इसीलिए उसे अपनी सुरक्षा के लिए इस समझौते की ज़रूरत है और इस पर प्रतिबद्ध भी रहेगा।
उन्होंने कहा कि ट्रम्प अपनी नीतियों से अमरीका को अलग थलग कर रहे हैं।
ज्ञात रहे कि सोमवार को लक्ज़ंबर्ग में ईरान के परमाणु समझौते और ईरान तथा जेसीपीओए के बारे में अमरीका की नई रणनीति के विषय पर यूरोपीय संघ के विदेशमंत्रियों की बैठक हुई
अमरीकी राष्ट्रपति ने शुक्रवार को अपने बयान में जेसीपीओए के बारे में ईरान की प्रतिबद्धता की पुष्टि नहीं की थी। (AK)