कनाडा में लगा बुर्क़े पर प्रतिबंध
कनाडा के क्यूबेक राज्य में सरकारी सेवाएं लेने और सार्वजनिक ट्रांसपोर्ट में यात्रा करने के दौरान महिलाओं के बुर्क़ा पहनने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
मेहर समाचार एजेंसी ने विदेशी समाचार सूत्रों के हवाले से ख़बर दी है कि कनाडा के क्यूबेक राज्य प्रशासन ने एलान किया है कि राज्य प्रशासन द्वारा अब उन महिलाओं को कोई सरकारी लाभ नहीं दिया जाएगा जो बुर्क़ा पहनती है और इसी तरह बुर्क़ा पहनने वाली महिलाओं को सार्वजनिक ट्रांसपोर्ट में यात्रा की इजाज़त नहीं दी जाएगी।
रिपोर्टों के अनुसार क्यूबेक की विधायी संस्था ने मुस्लिम महिलाओं को लेकर विवादास्पद विधेयक पारित किया है जिसके तहत बुर्क़ा या चेहरा छुपाने वाली कोई भी महिला सरकारी ड्यूटी के दौरान या सरकारी संस्थानों से सम्पर्क के दौरान मिलने वाले लाभ से वंचित रहेगी। 2014 से क्यूबेक में सत्तारूढ़ प्रांतीय पार्टी लेबल्ज़ ने यह क़ानून 2014 में ही प्रस्तावित किया था, जिसपर बुधवार को मतदान हुआ और विधानसभा में यह क़ानून 51 की तुलना में 66 मतों से पारित हो गया।
इस नए विवादित क़ानून के तहत नौकरशाहों, पुलिस, शिक्षकों, बस चालकों, सार्वजनिक अस्पतालों में काम करने वाले डॉक्टरों और नर्सों को अब ड्यूटी के समय चेहरा छिपाने की इजाज़त नहीं होगी।
उल्लेखनीय है कि इस विवादास्पद क़ानून की मंज़ूरी के बाद बुर्क़ा पहनने वाली मुस्लिम महिलाओं के लिए कनाडा में सरकारी सेवाओं का प्राप्त करना मुश्किल हो गया है और विशेष रूप से इस प्रतिबंध से सबसे अधिक वह मुसलमान महिलाएं प्रभावित होंगी जो सार्वजनिक ट्रांसपोर्ट से यात्रा करती हैं या सरकारी कार्यालयों, स्कूल, कालेजों और विश्वविद्यालयों में काम करती हैं या पढ़ती पढ़ाती हैं। (RZ)