रूस के विरुद्ध अमरीका के नये प्रतिबंध, शत्रुतापूर्ण कार्यवाही हैः मास्को
क्रेमलिन हाऊस के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोफ़ ने रूस के विरुद्ध अमरीका के नये प्रतिबंधों को देश के विरुद्ध वाशिंग्टन की शत्रुतापूर्ण नीतियों के जारी रहने का चिन्ह क़रार दिया है।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार दिमित्री पेस्कोफ़ ने शुक्रवार को अमरीका की इस कार्यवाही को रूस के बारे में अमरीका की शत्रुतापूर्ण नीतियां और ग़ैर मैत्रीपूर्ण कार्यवाही बताया।
ज्ञात रहे कि अमरीकी विदेशमंत्रालय की प्रवक्ता हीथर न्यूएर्ट ने गुरुवार को कहा था कि रूस के विरुद्ध प्रतिबंधों के क़ानून के क्रियान्वयन की परिधि में इस देश के रक्षा और सूचना विभाग से जुड़े लोगों को प्रतिबंधों की सूची में शामिल किया गया है और यह सूची कांग्रेस को भेज दी गयी है।
अमरीकी विदेशमंत्रालय की प्रवक्ता ने कहा कि विदेशमंत्रालय ने यूरोप और यूरेशिया में रूस के प्रभावों से मुक़ाबले के क़ानून को लागू करने के लिए पहला क़दम उठाया है। इस क़ानून से रूस के अलावा ईरान पर भी नए प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। (AK)