राष्ट्र संघः यमन युद्ध बेवक़ूफ़ी
संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने कहा है कि यमन के ख़िलाफ़ सऊदी अरब का लंबा युद्ध बेवक़ूफ़ी है, यमन जैसे ग़रीब देश की नाकाबंदी तत्काल समाप्त की जानी चाहिए।
गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव के प्रवक्ता स्टीफ़न दुजारिक ने कहा कि गुटेरस ने राष्ट्र संघ में सऊदी अरब के राजदूत अब्दुल्लाह अलमुअल्लेमी को पत्र लिखा है और मांग की है कि सऊदी अरब और उसके घटक, यमन की ज़मीनी, हवाई और समुद्री नाकाबंदी ख़त्म करें।
प्रवक्ता का कहना है कि नाकाबंदी समाप्त न किए जाने से राष्ट्र संघ महासचिव बहुत नाराज़ हैं। प्रवक्ता का कहना था कि राष्ट्र संघ महासचिव और उनके सहयोगी यमन की जो हालत देख रहे हैं और वहां की जनता की नितांत समस्याओं पर नज़र डालते हैं तो उनका दिल बैठने लगता है।
प्रवक्ता ने कहा कि गुटेरस का यह कहना है कि यह जान बूझ कर पैदा किया गया संकट है, यह अकारण सैन्य चढ़ाई है जिसमें 12 हज़ार से अधिक यमनियों की जानें जा चुकी हैं।
संयुक्त राष्ट्र संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सऊदी अरब ने नाकाबंदी समाप्त न की तो यमन के अस्पतालों में भी ईंधन बाक़ी नहीं रह जाएगा।
राष्ट्र संघ का कहना है कि यमन में 1 करोड़ 70 लाख लोगों को खाने पीने की चीज़ों की भारी ज़रूरत है जबकि 70 लाख लोग तो भुखमरी का शिकार हैं।