मिस्र, 7 आतंकियों को मिली मौत की सज़ा
मिस्र की एक अदालत ने दाइश से संबंधित 7 आतंकवादियों को मौत की सज़ा सुनाई है।
प्राप्त समाचारों के अनुसार मिस्र की एक अदालत ने ऐसे समय में दाइश के 7 आतंकियों को मौत की सज़ा सुनाई है जब इस देश के उत्तरी प्रांत सीना में एक मस्जिद में हुए आतंकवादी हमले में कम से कम 300 लोगों की जान चली गई है।
ख़बरों के मुताबिक़ मिस्र के मतरूह प्रांत के मुर्सी मतरूह शहर में दाइश से संबंधित आतंकवादियों से जुड़े एक मामले की सुनवाई के बाद मिस्र की एक अदालत ने सात आतंकियों को मौत की सज़ा सुनाई और दस अन्य आतंकवादियों को आजीवन कारावास की सज़ा सुनाई है।
मिस्री अदालत के फ़ैसले के अनुसार, जिन आतंकियों को मौत की सज़ा सुनाई गई है उन पर आरोप था कि उन्होंने मतरूह प्रांत मे तकफ़री आतंकवादी गुट दाइश में शामिल होने के बाद लीबिया में इक्कीस मिस्री कॉप्टिकों की गर्दन उड़ा कर मौत के घाट उतार दिया था।
उल्लेखनीय है कि फ़रवरी 2015 को तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश ने एक वीडियो क्लिप जारी किया था, जिसमें लीबिया के शहर सिर्त में आतंकवादी, 21 मिस्री कॉप्टिकों की गर्दन काटते दिखाए गए थे। (RZ)