अमेरिका ने पाकिस्तान पर लगाया आतंकवादियों के समर्थन का आरोप
अफ़ग़ानिस्तान में तैनात अमेरिकी सेना के कमांडर ने एक बार फिर पाकिस्तान पर आतंकवादियों के समर्थन और सहायता करने का आरोप लगाया है।
पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, अफ़ग़ानिस्तान में अमेरिकी सेना के कमांडर जनरल निकोलस ने काबुल में पत्रकारों से बात करते हुए पाकिस्तानी सरकार से कहा कि वह अफ़ग़ानिस्तान के सैन्य अड्डों पर अपनी धरती से होने वाले हमलों को तुरंत बंद करवाए।
उन्होंने कहा कि तालेबान का उच्च नेतृत्व तो पाकिस्तान में है और अफ़ग़ानिस्तान में तो केवल निचले स्तर के तालेबानी नेता मौजूद हैं। अमेरिकी जनरल ने कहा कि सीमा पार से अफ़गान सेना पर हमला करने वाले सभी आतंकवादियों को पाकिस्तान को ख़त्म करना होगा। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प की कड़ी चेतावनी के बाद भी पाकिस्तान के रवैये में कोई बदलाव नहीं आया है।
अमेरिकी जनरल का यह बयान ऐसे समय में आया है कि जब कुछ ही दिन पहले स्वयं निकोलस ने ही कहा था कि अफ़ग़ानिस्तान में आतंकवाद से जारी युद्ध अब गली मोहल्लों में सीमित होकर रह गया है और अमेरिका, अफ़ग़ानिस्तान में सरकार विरोधी गुटों को समाप्त नहीं कर सकता है।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान के गृहमंत्री एहसान इक़बाल ने कुछ ही दिन पहले एक बयान में कहा था कि अमेरिका, अफ़ग़ानिस्तान में शांति स्थापित करने में पूरी तरह नाकाम रहा है। यही कारण है कि वह अपनी नाकामी को छिपाने के लिए पाकिस्तान पर आतंकवादियों के समर्थन का आरोप लगा रहा है। (RZ)