सीरिया में अमरीका की गतिविधियां विरोधाभासी और ग़ैर क़ानूनी हैंः रूस
रूस के विदेश मंत्री ने कहा है कि सीरिया में अमरीका की गतिविधियां ग़ैर क़ानूनी और अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनी मानदंडों के विरुद्ध हैं।
सेरगई लावरोफ़ ने गुरुवार को कहा कि अमरीका के नेतृत्व में दाइश विरोधी तथाकथित गठजोड़ संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद की अनुमति के बना गठित हुआ है और सीरिया की सरकार से समन्वय किए बिना ही कार्यवाहियां कर रहा है जो वस्तुतः अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनी मानकों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में ही स्पष्ट हो गया था कि यह गठजोड़ आतंकी गुट दाइश से लड़ नहीं रहा है और दाइश के आतंकियों ने इराक़ व सीरिया के कई क्षेत्रों पर क़ब्ज़ा कर लिया था। लावरोफ़ ने बताया कि इस समय सीरिया के 95 प्रतिशत भाग से दाइश के आतंकियों को खदेड़ दिया गया है और इन क्षेत्रों में सामान्य जीवन बहाल होता जा रहा है।
रूस के विदेश मंत्री ने इसी तरह उत्तरी कोरिया के नए मीज़ाइल परीक्षण के बारे में कहा कि अमरीका जान बूझ कर उत्तरी कोरिया को इस प्रकार के कड़े क़दम उठाने के लिए उकसा रहा है। ज्ञात रहे कि उत्तरी कोरिया ने बुधवार को घोषणा की कि उसने एक नए बैलिस्टिक मीज़ाइल का सफल परीक्षण किया है जो अमरीका के हर हिस्से को निशाना बनाने में सक्षम है। (HN)