गुटेरेस ने किया उत्तरी कोरिया के फैसले का स्वागत
संयुक्त राष्ट्रसंघ के महासचिव ने उत्तरी कोरिया की ओर से अपने खिलाड़ियों को ओलंपिक खेलों में भाग लेने के लिए दक्षिणी कोरिया भेजे जाने का स्वागत किया है।
शिनहुआ समाचार एजेन्सी के अनुसार राष्ट्र संघ के महासचिव ने मंगलवार को एक बयान जारी करके कहा है कि ओलंपिक खेल, शांतिपूर्ण वातावरण उत्पन्न कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे में उत्तरी कोरिया का फैसला, कोरिया प्रायःद्वीप में तनाव कम करने में सहायक होगा। मंगलवार को उत्तरी और दक्षिणी कोरिया के बीच होने वाली नई सहमति के अन्तर्गत उत्तरी कोरिया फ़रवरी में होने वाले विंटर ओलंपिक खेलों में अपने खिलाड़ी भेजने पर तैयार हो गया है। दक्षिणी कोरिया में 9 जनवरी से 25 फरवरी तक ओलंपिक खेल होंगे जिसमें उत्तरी कोरिया अपने खिलाड़ी भेजने के लिए तैयार हो गया है।
राष्ट्रसंघ के महासचिव गुटेरेस ने उत्तरी और दक्षिणी कोरिया के बीच उच्च स्तर पर वार्ता संबन्धी प्रस्ताव का स्वागत करते हुए दोनो देशों के बीच हाॅट लाइन बहाल किये जाने की प्रशंसा की है।