तालेबान ने किया तापी परियोजना का समर्थन
https://parstoday.ir/hi/news/world-i58213-तालेबान_ने_किया_तापी_परियोजना_का_समर्थन
तालेबान ने तापी पाइपलाइन परियोजना को अफ़ग़ानिस्तान की महत्वपूर्ण आर्थिक परियोजना बताते हुए इसके समर्थन की घोषणा की है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Feb २३, २०१८ १५:०३ Asia/Kolkata
  • तालेबान ने किया तापी परियोजना का समर्थन

तालेबान ने तापी पाइपलाइन परियोजना को अफ़ग़ानिस्तान की महत्वपूर्ण आर्थिक परियोजना बताते हुए इसके समर्थन की घोषणा की है।

अफ़ग़ानिस्तान के हेरात प्रांत में तापी परियोजना, के उद्घाटन के साथ ही तालेबान ने एक बयान जारी करके इसके समर्थन की घोषणा की है।

तसनीम समाचार एजेन्सी के अनुसार तालेबान के प्रवक्ता "ज़बीहुल्लाह मुजाहिद" ने एक बयान जारी करके घोषणा की है कि तापी अर्थात तुर्कमनिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान-पाकिस्तान-भारत पाइपलाइन परियोजना, अफ़ग़ानिस्तान की एक महत्वपूर्ण आर्थिक परियोजना है।  तालेबान का कहना है कि वह इस परियोजना के लागू होने तक इसके साथ सहयोग करता रहेगा।  तालेबान के बयान में कहा गया है कि हमने अपने सत्ताकाल में इस परियोजना का समर्थन किया था किंतु अफ़ग़ानिस्तन पर अमरीका के हमले के कारण इसके व्यवहारिक होने में विलंब होता गया।  तालेबान का कहना था कि वे अफ़ग़ानिस्तान के पुनरनिर्माण का समर्थन करते हैं।  तालेबान ने अपने बयान में अन्तर्राष्ट्रीय कंपनियों से मांग की है कि वे अफ़ग़ानिस्तान के पुनरनिर्माण में सहयोग करें।

दूसरी ओर भारत के विदेश राज्यमंत्री एम जे अकबर ने कहा है नई दिल्ली, तापी पाइपलाइन प्रोजेक्ट के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध है।  अमर उजाला के अनुसार एम जे अकबर का कहना था कि दक्षिण एशिया में ऊर्जा की कमी को पूरा करने के लिए दस अरब डॉलर के ट्रांस-नेशनल तापी पाइपलाइन प्रोजेक्ट के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने तापी अर्थात तुर्कमनिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान-पाकिस्तान-भारत पाइपलाइन परियोजना के 25वें सत्र में कहा कि तापी का निर्बाध गैस प्रवाह भारत के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होगा।  भारत के विदेश राज्यमंत्री का कहना था कि भारत में ऊर्जा आवश्यकताओं को देखते हुए हमारे सामने कई गैस पाइपलाइन के प्रस्ताव हैं।  इसके बावजूद हम तापी पाइपलाइन परियोजना के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध हैं।