यमन युद्ध में अमरीका हस्तक्षेप करने से बचेः अमरीकी सीनेटर
अमरीकी सीनेटरों ने मांग की है कि सरकार को यमन युद्ध में हस्तक्षेप से बचना चाहिए।
कुछ अमरीकी सेनेटरों ने सीनेट में एक मसौदा पेश करके मांग की है कि यमन पर थोपे गए युद्ध में हस्तक्षेप करने से अमरीका को बचना चाहिए।
फ़्रांस प्रेस के अनुसार कुछ अमरीकी सीनेटरों ने बुधवार को सीनेट में एक मसौदा पेश किया है जिसके पारित होने की स्थिति में अमरीका को यमन युद्ध में हस्तक्षेप से रुकना पड़ेगा। तीन अमरीकी सेनेटरों, Bernie Sanders, Mike Leigh, Chris Murphy ने एक संयुक्त बयान जारी करके एलान किया है कि कांग्रेस ने अमरीकी सैनिकों को यमन युद्ध में भाग लेने का आदेश जारी नहीं किया है। बेर्नी सेंडर्स, माइक लीग और क्रिस मर्फ़ी के इस संयुक्त बयान के अनुसार एेसी स्थिति में यमन युद्ध में वाशिग्टन का हस्तक्षेप किसी भी रूप में क़ानूनी नहीं है।
उल्लेखनीय है कि यमन पर आक्रमण करने वाले गठबंधन के लिए अमरीका ने सन 2015 से लेकर अबतक उसको सूचनाएं उपलब्ध कराने के साथ ही भारी मात्रा में हथियारों की भी आपूर्ति की है। इससे पहले भी डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकन दोनों ही दलों के सीनेटर, सरकार को यमन युद्ध में हस्तक्षेप न करने के प्रति सचेत कर चुके हैं।