ब्रिटेन ने टकराव का मार्ग अपनाया हैः रूस
रूस के विदेश मंत्रालय ने पूर्व रूसी जासूस को ज़हर दिए जाने के मामले में ब्रिटेन के दावों और क़दमों की ओर से सचेत करते हुए कहा है कि लंदन ने टकराव का रास्ता अपनाया है।
इस मामले पर दोनों देशों के संबंधों में अत्यधिक तनाव पैदा हो गया है। ब्रिटेन के प्रधान मंत्री टेरीज़ मे ने रूस पर ब्रिटेन की धरती पर रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल का आरोप लगाया था और इसके स्पष्टिकरण के लिए रूस को 36 घंटे का समय दिया था। बुधवार को उन्होंने ब्रिटेन से 23 रूसी राजनयिकों को बाहर निकालने और अपने देश में रूस की संपत्तियों को ज़ब्त करने जैसे क़दम उठाए थे।
अब रूसी मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि ब्रिटेन का ये कदम भड़काऊ है जिसने दोनों देशों के बीच सामान्य संबंध को तनावग्रस्त कर दिया है। मंत्रालय ने कहा है कि ब्रिटिश सरकार ने मामले की अंतर्राष्ट्रीय स्तर से निष्पक्ष जांच करने के बजाए रूस से सीधे टकराने का मार्ग अपनाया है जो अस्वीकार्य है। बयान में कहा गया है कि यह स्पष्ट है कि इस घटना की एकतरफ़ा और गैर-पारदर्शी जांच करके ब्रिटिश अधिकारियों ने एक बार फिर से रूस विरोधी अभियान को भड़काने की कोशिश की है। मास्को ने कहा है कि यह अस्वीकार्य है और निश्चित रूप से इस पर हमारी प्रतिक्रिया सामने आएगी। (HN)