अमरीका और उत्तरी कोरिया के बीच उच्च स्तरीय संपर्क!
अमरीका और उत्तरी कोरिया के बीच उच्च स्तरीय वार्ता हुआ है। अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि उत्तरी कोरिया से उच्च स्तर पर प्रत्यक्ष वार्ता हो रही है।
ट्रम्प के अनुसार उत्तरी कोरिया और अमरीका के अधिकारियों की प्रत्यक्ष बातचीत हुई है ताकि दोनों देशों के नेताओं के बीच एतिहासिक मुलाक़ात के बारे में मुद्दों को तय किया जाए।
अमरीका के राष्ट्रपति ने यह नहीं बताया कि बातचीत में कौन शामिल था लेकिन अमरीकी अख़बार वाशिंग्टन पोस्ट का कहना है कि अमरीका की ओर से सीआईए के प्रमुख माइक पोम्पियो ने ईस्टर के अवसर पर उत्तरी कोरिया की गुप्त यात्रा की थी जहां उनकी मुलाक़ात उत्तरी कोरिया के नेता किम जोंग ऊन से हुई थी।
फ़्लोरीडा में राष्ट्रपति ट्रम्प ने जापान के प्रधानमंत्री शिन्ज़ो आबे से मुलाक़ात के अवसर पर बताया था कि हमारी उच्च स्तरीय प्रत्यक्ष वार्ता हुई है और इस समय पांच जगहों के बारे में विचार हो रहा है जहां मेरी मुलाक़ात किम जोंग ऊन से हो सकती है।
ट्रम्प का कहना है कि यह मुलाक़ात जून की शुरूआत में या उससे पहले हो सकती है।
जापान के प्रधानमंत्री ने उत्तरी कोरिया के नेता से मुलाक़ात पर सहमत होने के साहसी फ़ैसले की प्रशंसा तो की है लेकिन बताया जाता है कि जापान को यह चिंता है कि अमरीका और उत्तरी कोरिया की मुलाक़ात में जापान को नज़रअंदाज़ न कर दिया जाए।
कुछ लोग कहते हैं कि जापानी प्रधानमंत्री ने अमरीका के दौरे पर इसलिए गए हैं कि अमरीका को यह समझाएं कि उत्तरी कोरिया के ख़िलाफ़ अपने कठोर रुख़ में नर्मी पैदा न करे।