टोरंटो में ट्रक ने राहगीरों को कुचला, 10 हताहत, 15 घायल
कनाडा के शहर टोरंटो में एक ट्रक ने दर्जनों राहगीरों को कुचल दिया।
इस घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई जबकि 15 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को घटना स्थल के पास के अस्पताल में भर्ती कराया जहां अधिकतर लोगों की हालत गंभीर बनी हुई थी। टोरंटो पुलिस ने इस पूरी घटना की जानकारी अपने ट्वीटर हैंडल से दी। पुलिस के अनुसार पूरी घटना योंग स्ट्रीट और फ़िंच एवेंन्यू के बीच में हुई है। घटना के दौरान अनियंत्रित ट्रक ने पहले सड़क किनारे बनी इमारत की दीवार पर टक्कर मारी और बाद में फ़ुटपाथ और सड़क के किनारे चल रहे लोगों को रौंदते हुए आगे बढ़ गया।
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि जिस तरह से ट्रक चालक उसे चला रहा था उससे लग रहा था कि वह जानबूझ कर लोगों को अपना शिकार बना रहा था। पुलिस ने घटना के बाद ट्रक चालक को गिरफ़्तार कर लिया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले अमरीका और यूरोप के कई देशों में इसी तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस इस मामले में आतंकी पहलू की भी समीक्षा कर रही है। (HN)