झूठ बोल रहे हैं नेतनयाहूः आज़रबाइजान
आज़रबाइजान गणराज्य ने ईरान के शांतिपूर्ण परमाणु कार्यक्रम के ख़िलाफ़ पेश किए जाने वाले दस्तावेज़ों को झूठा और अफ़वाह बताया है।
आज़रबाइजान गणराज्य के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हिकमत हाजी ओफ़ ने समाचार एजेंसी इर्ना के साथ बातचीत करते हुए कुछ क्षेत्रीय देशों के मीडिया द्वारा प्रकाशित की जाने वाली उन रिपोर्टों को सख़्ती से ख़ारिज कर दिया है जिनमें यह दावा किया गया था कि ज़ायोनी शासन ने आज़रबाइजान की सहायता से ईरान के परमाणु कार्यक्रम के ख़िलाफ़ झूठे दस्तावेज़ों को एकत्रित किया था।
आज़रबाइजान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि आज़रबाइजान में संबंधित संगठनों ने गंभीरता से इस रिपोर्ट का जाएज़ा लिया है, जिसके बाद हम स्पष्ट रूप से यह घोषणा करते हैं कि ईरान के ख़िलाफ़ परमाणु दस्तावेज़ों की आपूर्ति में आज़रबाइजान की भूमिका के समाचार झूठे और अविश्वसनीय हैं।
उल्लेखनीय है कि ज़ायोनी शासन के प्रधानमंत्री नेतनयाहू ने पिछले दिनों इस्लामी गणतंत्र ईरान के शांतिपूर्ण परमाणु कार्यक्रम के संबंध में तथाकथित 'गुप्त परमाणु फ़ाइलें' एक टीवी कार्यक्रम के माध्यम से पेश की थीं, नेतनयाहू ने सोमवार 30 अप्रैल को टीवी पर अपने ड्रामे के माध्यम से यह झूठा दावा किया था कि ईरान गुप्त तरीक़े से परमाणु हथियार बनाने की कोशिश कर रहा था।
नेतनयाहू ने यह दावा किया था कि इस्राईल के पास ऐसे हज़ारों दस्तावेज़ मौजूद हैं जिनसे पता चलता है कि ईरान ने दुनिया को यह कहकर धोखा दिया कि उसने कभी भी परमाणु हथियार बनाने की कोशिश नहीं की। इस्राईली प्रधानमंत्री का यह मनगढ़ंत बयान ऐसे समय में सामने आया है कि जब परमाणु ऊर्जा एजेंसी आईएईए ने कई बार ईरान के परमाणु कार्यक्रम के शांतिपूर्ण होने पर बल दिया है। (RZ)