तालेबान के हमले में 30 अफ़ग़ान सुरक्षकर्मी हताहत
पश्चिमी अफ़ग़ानिस्तान के फराह प्रांत में स्थित अफ़ग़ान सुरक्षा बलों के सैन्य ठिकाने पर तालेबान के दो हमलों में 30 सुरक्षाकर्मी हताहत और कई अन्य घायल हो गए हैं।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार अफ़ग़ानिस्तान के पश्चिम में स्थित फराह प्रांत के प्रांतीय परिषद के प्रमुख फरीद बख़तावर ने बताया है कि फराह प्रांत के बालाबलूक ज़िले में शनिवार देर रात तालेबान के आतंकवादियों ने पुलिस मुख्यालय को घेरकर उसपर हमला कर दिया। तालेबान के इस हमले में 23 पुलिसकर्मियों की मौक़े पर ही मौत हो गई जबकि 3 अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
फरीद बख़तावर ने बतया कि फराह प्रांत के एक अन्य शहर में भी तालेबान के आतंकवादियों ने अफ़ग़ान सुरक्षाकर्मियों के एक सैन्य ठिकाने पर हमला करके 11 सुरक्षाकर्मियों को मौत के घाट उतार दिया है। इस हमले के बाद तालेबान के आतंकवादी सैन्य अड्डे में मौजूद अफ़ग़ान सुरक्षाबलों के हथियारों और अन्य सैन्य उपकरणों को भी लूटकर अपने साथ ले गए।
याद रहे कि फराह प्रांत, अफ़ग़ानिस्तान के हेलमंद प्रांत और ईरान की सीमा के बीच स्थित है और पिछले कुछ महीनों में तालेबान के आतंकवादियों के हमलों में इस क्षेत्र में तेज़ी आई है। फराह प्रांत को ईरान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच नशीली दवाओं की तस्करी का एक प्रमुख मार्ग माना जाता है।
दूसरी तरफ़ अफ़ग़ान सेना, जिसे अमेरिका सहित कई देशों की सेना और उनके युद्धक विमानों की सहायता प्राप्त है, इसके बावजूद तालेबान के ख़िलाफ़ सैन्य अभियान में उसे विशेष सफलता प्राप्त नहीं हुई है। (RZ)