इटली में नस्लवाद के ख़िलाफ़ विशाल रैलियां
इटली के कई शहरों में नस्लवाद के विरोध में लाखों लोगों ने विशाल रैलियां निकालीं और प्रदर्शन किए।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार इटली के मिलान, तूरीन, रोम, पालेर्मो, सिसली और इस देश के कई अन्य शहरों में लोगों ने नस्लवाद के ख़िलाफ़ विरोध-प्रदर्शन किया है। प्रदर्शनकारियों ने देश की सरकार को इटली में बढ़ती नस्लवादी विचारधारा के प्रति चेतावनी दी और मांग की कि ऐसी संस्थानों और संगठनों पर प्रतिबंध लगाया जाए जो देश में ऐसी नस्लभेदी विचारधारा को बढ़ावा दे रहे हैं।
इटली के फ्लोरेंस शहर में, स्थानीय निवासियों के साथ अफ़्रीक़ी देशों के आप्रवासियों ने भी रैली में भाग लिया। इस बीच उत्तरी इटली में हुए प्रदर्शनों में पुलिस और प्रदर्शनकारियों की बीच हुई झड़पों की सूचना है। प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिस चौकी पर हमला करके उसमें आग लगा दी जबकि पुलिस ने उग्र प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बल प्रयोग किया।
उल्लेखनीय है कि इटली में नस्लवाद के ख़िलाफ़ यह प्रदर्शन और रैलियां ऐसे समय आयोजित हुई हैं कि जब पिछले सप्ताह 54 वर्षीय एक अफ़्रीक़ी-इतालवी नागरिक की रंगभेदी टिपण्णी के बाद हत्या कर दी गई थी, जो पिछले 20 वर्षों से इटली में रह रहा था। इस घटना के बाद, अफ़्रीक़ी आप्रवासियों ने कई बार प्रदर्शन करके इस हत्या की जांच की मांग कर चुके हैं। (RZ)