कनाडा का सऊदी अरब को मुंहतोड़ जवाब
कनाडाई विदेश मंत्री ने सऊदी अरब के बयान का मुंहतोड़ जवाब देते हुए कहा है कि, "कनाडा सऊदी अरब में महिलाओं के साथ हुए रहे अत्याचारों के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाता रहेगा।”
कनाडा की विदेश मंत्री क्रिस्टिया फेरिलैंड ने सोमवार की रात वेनकूर शहर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सऊदी विदेश मंत्री के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कनाडा, मानवाधिकारों और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करता रहेगा। इस बीच सऊदी अरब के विदेश मंत्री आदिल अलजुबैर ने दावा किया था कि सऊदी अरब में महिलाओं के अधिकारों के लिए काम करने वाली महिलाओं के बारे में, कनाडा द्वारा लिया गया स्टैंड, ग़लत रिपोर्टों पर आधारित है।
उल्लेखनीय है कि कनाडा ने सऊदी अरब में मानवाधिकारों और विशेषकर महिलाओं के अधिकारों की रक्षा को लेकर सक्रिय महिलाओं को गिरफ़्तार किए जाने बाद आले सऊद शासन से मांग की थी कि, गिरफ़्तार की गईं महिलाओं को रियाज़ सरकार तुरंत रिहा करे। दूसरी ओर सऊदी सरकार, कनाडा की इस मांग पर आग बबूला हो गई और उसने अपने देश से कनाडाई राजदूत को तुरंत निकल जाने का आदेश दे डाला और कनाडा में मौजूद सऊदी राजदूत को फ़ौरन कनाडा छोड़ने का आदेश देते हुए अपने सभी व्यापारिक संबंधों को कनाडा के साथ समाप्त करने का भी एलान कर दिया।
ज्ञात रहे कि आए दिन दुनिया भर के मानवाधिकार संगठन, सऊदी अरब में मानवाधिकारों के हो रहे हनन के बारे में अपनी चिंताएं व्यक्त करते रहते हैं। (RZ)