अमरीका के ख़िलाफ़ जवाबी कार्यवाही पर विचार कर रहा है रूस
रूस ने कहा है कि अमरीका की ओर लगाए गए प्रतिबंधों पर वह जवाबी कार्यवाही करने पर विचार कर रहा है।
रूस की सरकार ने अमरीका की ओर से रूस पर लगाए गए नए प्रतिबंधों पर कड़ी प्रतिक्रिया जताते हुए इसे अस्वीकार्य ठहराया और कहा कि मास्को जवाबी कार्यवाही पर विचार कर रहा है।
अमरीका ने रूस पर ब्रिटेन में बसे पूर्व रूसी जासूस पर ज़हर के हमले में कथित रूप से लिप्त होने के आरोप में प्रतिबंध लगाए थे। अमरीकी विदेश मंत्रालय की ओर से हालिया कार्यवाही दोनों देशों के संबंधों में पैदा होने वाली नई दरार है जो अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प की एक महीने पहले ही रूसी समकक्ष से मुलाक़ात के बाद सामने आई है।
अमरीकी विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है कि नए प्रतिबंध ब्रिटिश नागरिक सर्गेई स्करपाल की हत्या की कोशिश पर लगाई गई है।
ज्ञात रहे कि ब्रिटेन में रूसी मूल के डबल एजेंट सर्गेई स्करपाल औज्ञ उनकी बेटी यूलिया स्करपाल पर स्नायुतंत्र को फ़ेल कर देने वाले ज़हर से हमला किया गया था जिसके बाद उनकी बेटी तो ठीक हो गई थी लेकिन सर्गेई स्करपाल के बारे में बाद में कोई जानकारी नहीं मिली।
अमरीकी सरकार की प्रवक्ता हीथर नूरेट का कहना है कि प्रतिबंध इसलिए लगाए गए हैं कि रूसी सरकार को अंतर्राष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन करते हुए रासायनिक और जैविक हथियारों के प्रयोग की सज़ा दी जाए।
बहरहाल अमरीका की ओर से लगाए गए प्रतिबंध पर रूस के भीतर कठोर प्रतिक्रिया सामने आई है।