सूडान, नील नदी में नाव डूबने से 22 बच्चों की मौत
https://parstoday.ir/hi/news/world-i67279-सूडान_नील_नदी_में_नाव_डूबने_से_22_बच्चों_की_मौत
सूडान में नील नदी में एक नाव के डूब जाने के कारण, स्कूल जाने के दौरान 22 छात्रों और एक महिला की मौत हो गई है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug १६, २०१८ १४:०३ Asia/Kolkata
  • सूडान, नील नदी में नाव डूबने से 22 बच्चों की मौत

सूडान में नील नदी में एक नाव के डूब जाने के कारण, स्कूल जाने के दौरान 22 छात्रों और एक महिला की मौत हो गई है।

समाचार एजेंसी सूना न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, सूडान की राजधानी से लगभग 750 किलोमीटर दूर नील नदी को पार करके स्कूल जा रहे छात्रों से भरी एक नाव डूब गई है। नाव में 40 से अधिक बच्चे सवार थे। रिपोर्ट के मुताबिक़, सूडान की सरकार ने 22 छात्रों और एक महिला की मौत की पुष्टि कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूडान के नीसा के इलाक़े से स्कूल जाने वाले बच्चों से भरी नाव, नील नदी में अरब सागर के स्थान पर दुर्घटनाग्रस्त होकर डूब गई, जिसके नतीजे में एक महिला और 22 बच्चे हताहत हो गए हैं। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इस हृदय विदारक घटना का कारण, नदी में अचानक से उठी ऊंची-ऊंची लहरें थी, जिसकी वजह से नाव का इंजन अचानक फेल हो गया और नाव बीच नदी में डूब गई। एक प्रत्यक्षदर्शी इब्राहीम हुसैन का कहना था कि, कम से कम 9 बच्चे इस घटना में बचने में कामयाब हुए हैं।

स्थानीय अस्पताल के एक कर्मचारी का कहना था कि, नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जबकि बच्चों और महिला के अलावा कई क्विंटल सामान उसपर लदा हुआ था। उल्लेखनीय है कि नील नदी के किनारे रहने वाले स्थानीय लोग आवाजाही के लिए लकड़ी की नाव का प्रयोग करते हैं। जबकि प्रत्यक्षदर्शी का यह भी कहना था कि, दुर्घटनाग्रस्त नाव लहरों के विपरीत चल रही थी।

ज्ञात रहे कि इससे पहले अगस्त महीने में ही वर्ष 2000 में नील नदी में एक बड़ी दुर्घटना हुई थी, जब नाव डूबने से 50 विद्यार्थियों की मौत हो गई थी। (RZ)