अमरीका ने फिर दी तुर्की को प्रतिबंधों की धमकी
अमरीका ने तुर्की पर फिर से प्रतिबंध लगाने की धमकी दी है।
अमेरिका के वित्त मंत्री ने कहा है कि तुर्की ने यदि पादरी एन्ड्रयू ब्रुनसन को स्वतंत्र नहीं किया तो अंकारा के विरुद्ध और प्रतिबंध लगाए जाएंगे।
स्टीवन न्यूचिन ने गुरुवार को स्पषट किया है कि तुर्की यदि अमेरिकी पादरी एन्ड्रयू ब्रुनसन को रिहा नहीं करता है तो उनका देश उसपर और प्रतिबंध लगाने को तैयार है। न्यूचिन ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की कैबिनेट की बैठक के दौरान कहा कि यदि उन्होंने पादरी को जल्द रिहा नहीं किया तो हम और भी प्रतिबंध लगाने की योजना बना रहे हैं। ज्ञात रहे कि तुर्की में एक अमरीकी पादरी की गिरफ़्तारी को लेकर ट्रम्प ने तुर्की के विरुद्ध प्रतिबंध लगा दिये थे। इन प्रतिबंधों के बाद अमरीका और तुर्की के बीच वाकयुद्ध तेज़ हो गया है। अमेरिका और तुर्की इस मामले में कड़ा रुख अपनाये हुए हैं। ट्रम्प ने तुर्की पर एल्युमीनियम और इस्पात पर शुल्क दरें दुगुनी कर दी हैं।
अमेरिका ने राष्ट्रपति एर्दोगन की सत्ता पलट के प्रयासों में ब्रुनसन के शामिल होने के आरोपों का खंडन किया है। ट्रम्प ने कैबिनेट की बैठक के दौरान कहा कि उन्होंने एक अच्छे दोस्त होने का प्रमाण नहीं दिया है। उन्होंने एक महान ईसाई पादरी को रोक रखा है। ट्रम्प का कहना है कि अमरीकी पादरी एक निर्दोष इन्सान हैं।
गौरतलब है कि आतंकवाद और जासूसी के आरोप में अमरीकी पादरी एंड्रयू ब्रुनसन पिछले 21 महीनों से तुर्की की एक जेल में बंद हैं। पादरी ब्रुनसन अमेरिका में नॉर्थ कैरोलिना के रहने वाले हैं। पिछले 20 वर्षों से भी अधिक समय तक उन्होंने तुर्की में काम किया है। तुर्की में पादरी ब्रुनसन को हिरासत में लिये जाने की घटना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के लिए एक ज्वलंत मुद्दा बना हुआ है। ट्रम्प प्रशासन पादरी ब्रुनसन की रिहाई के लिये तुर्की पर लगातार दबाव बना रहा है।