आतंकवाद पीड़ितों की सहायता की जाएःगुटेरेस
संयुक्त राष्ट्रसंघ के महासचिव ने विश्व से आतंकवाद पीड़ितों का समर्थन करने की अपील की है।
पीटीआई के अनुसार संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने दुनियाभर के लोगों से अतंकवाद से पीड़ित लोगों और उनके परिवारों का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि अपने मानवाधिकारों को बढ़ावा देना, उनकी रक्षा करना और उनका सम्मान करना नैतिक रूप से अनिवार्य है।
आतंकवाद से पीड़ित लोगों को याद करने और उनको श्रद्धांजलि देने के पहले अंतरराष्ट्रीय दिवस पर संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने अपने बयान में कहा, ‘‘पीड़ितों को राहत पहुंचाने और उनकी आवाज बुलंद करने से नफ़रत और विभाजन की कहानी गढ़ने वालों को चुनौती देने में मदद मिलेगी जिनका लक्ष्य आतंक फैलाना है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब हम आतंकवाद से पीड़ित लोगों को बढ़ावा देंगे, उनकी बात सुनेंगे, उनके अधिकारों का सम्मान करेंगे और उन्हें सहयोग एवं न्याय मुहैया कराएंगे तो एसे हम साझा संबंध का सम्मान करेंगे और आतंकवादियों द्वारा व्यक्तियों, परिवारों और समुदायों को पहुंचाए दीर्घकालिक नुकसान को कम कर सकेंगे।’’
ज्ञात रहे कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने पिछले साल दिसंबर में ‘‘आतंकवाद से पीड़ित लोगों और उनके परिवारों को पहुंची पीड़ा की कड़ी निंदा करने के लिए’’ एक प्रस्ताव स्वीकार किया था जिसके अनुसार 21 अगस्त को आतंकवाद से पीड़ितों तथा बचे हुए लोगों का सम्मान करने के लिए वार्षिक दिवस घोषित किया था।’’