अमेरिका और उत्तर कोरिया फिर आमने सामने, माइक पोम्पियो दौरा रद्द
https://parstoday.ir/hi/news/world-i67528-अमेरिका_और_उत्तर_कोरिया_फिर_आमने_सामने_माइक_पोम्पियो_दौरा_रद्द
अमेरिका और उत्तर कोरिया के संबंध परमाणु हथियारों को लेकर एक बार फिर तनावपूर्ण हो गए हैं।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug २५, २०१८ ११:३२ Asia/Kolkata
  • अमेरिका और उत्तर कोरिया फिर आमने सामने, माइक पोम्पियो दौरा रद्द

अमेरिका और उत्तर कोरिया के संबंध परमाणु हथियारों को लेकर एक बार फिर तनावपूर्ण हो गए हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने विदेश मंत्री माइक पोम्पियो का उत्तरी कोरिया का दौरा रद्द करने के बाद पहली बार स्वीकार किया है कि उत्तर कोरिया को परमाणु हथियारों से मुक्त करने के उनके प्रयासों पर पूरी तरह से पालन नहीं हुआ है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने शुक्रवार को एक ट्वीट में कहा कि, “मेरे द्वारा कोरियाई प्रायद्वीप को परमाणु हथियारों से मुक्त करने के प्रयासों की दिशा में कोई पर्याप्त प्रगति नहीं हुई है।” उन्होंने इसके लिए आंशिक रूप से चीन को दोषी ठहराते हुए कहा कि विदेश मंत्री पोम्पियो के नेतृत्व में उत्तर कोरिया के साथ बातचीत का क्रम अब चीन के साथ व्यापार संबंधों में सुधार के बाद ही आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि चीन ने अमेरिका के साथ व्यापार में आए तनाव के कारण उत्तरी कोरिया पर पर्याप्त दबाव नहीं बनाया। ट्रम्प ने कहा कि मैंने विदेश मंत्री माइक पोम्पियो को उत्तर कोरिया जाने से रोक दिया है, क्योंकि मुझे लगता है कि कोरियाई प्रायद्वीप को परमाणु हथियारों से मुक्त करने का यह सही समय नहीं है और न ही इस दिशा में पर्याप्त प्रगति हो पाई है।

उल्लेखनीय है कि अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो, उत्तर कोरिया के लिए नियुक्त विशेष दूत स्टीफ़न बेगन के साथ अगले सप्ताह उत्तरी कोरिया की यात्रा करने वाले थे। यह अमेरिकी विदेश मंत्री का उत्तर कोरिया का चौथा दौरा होता। दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प द्वारा माइक पोम्पियो का उत्तरी कोरिया दौरा रद्द किए जाने पर अभी तक प्योंगयांग की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। (RZ)