जेसीपीओए के संदर्भ में पारदर्शी ढंग से काम किया जाएः रूहानी
https://parstoday.ir/hi/news/world-i67607-जेसीपीओए_के_संदर्भ_में_पारदर्शी_ढंग_से_काम_किया_जाएः_रूहानी
हसन रूहानी का कहना है कि जेसीपीओए या परमाणु समझौते के सदस्य इस समझौते को सुरक्षित रखने के लिए अधिक प्रयास करें।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Aug २७, २०१८ १४:३८ Asia/Kolkata
  • जेसीपीओए के संदर्भ में पारदर्शी ढंग से काम किया जाएः रूहानी

हसन रूहानी का कहना है कि जेसीपीओए या परमाणु समझौते के सदस्य इस समझौते को सुरक्षित रखने के लिए अधिक प्रयास करें।

राष्ट्रपति ने कहा है कि अमरीका के एकपक्षीय रूप से परमाणु समझौते से निकल जाने के बाद इस समझौते के बाक़ी सदस्य, इसकी सुरक्षा के लिए अधिक पारदर्शिता और तेज़ी से काम करें।  उन्होंने एमेनुएल मैक्रान के साथ टेलिफोनी वार्ता में कहा कि परमाणु समझौते या जेसीपीओए के संबन्ध में इसके सभी सदस्यों के कांधों पर बहुत अधिक ज़िम्मेदारी है।

राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कहा कि ईरान, परमाणु समझौते की रक्षा का तो इच्छुक है किंतु यदि तेल, बीमा, परिवहन और वित्तीय मामलों को सुनिश्चित बनाने जैसे विषयों को यूरोप के आगामी कार्यक्रम में स्पष्ट नहीं किया जाता तो फिर तेहरान कुछ दूसरे काम करने के लिए बाध्य होगा।

इस टेलिफोन वार्ता में फ़्रांस के राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि पैरिस, तेहरान के साथ संबन्धों को मज़बूत करने का इच्छुक है।  मैक्रान का कहना था कि जेसीपीओए को सुरक्षित रखने के लिए फ़्रांस, हर संभव प्रयास करेगा।  उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में हम अपने दायित्वों का पूरी तरह से निर्वाह करेंगे।  एमेनुएल मैक्रान ने कहा कि परमाणु समझौते को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से कई हमने प्रयास किये हैं और आगे भी करते रहेंगे।

इस टेलिफोनी वार्ता में ईरान और फ़्रांस के राष्ट्रपतियों ने संयुक्त हितों को आगे बढ़ाने के लिए दोनो पक्षों के बीच संपर्क बनाए रखने पर बल दिया।