धन शोधन के 21 मामलों में फंसे नजीब रज़्ज़ाक़
https://parstoday.ir/hi/news/world-i68313-धन_शोधन_के_21_मामलों_में_फंसे_नजीब_रज़्ज़ाक़
मलेशिया की भ्रष्टाचार विरोधी एजेंसी ने बताया कि सरकारी निवेश कोष के लाखों डॉलर के गबन के आरोप में नजीब रज़्ज़ाक़ को गिरफ्तार किया गया है। 
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Sep २०, २०१८ १३:०२ Asia/Kolkata
  • धन शोधन के 21 मामलों में फंसे नजीब रज़्ज़ाक़

मलेशिया की भ्रष्टाचार विरोधी एजेंसी ने बताया कि सरकारी निवेश कोष के लाखों डॉलर के गबन के आरोप में नजीब रज़्ज़ाक़ को गिरफ्तार किया गया है। 

लाखों डॉलर के गबन के आरोप में नजीब रज़्ज़ाक़ को गिरफ्तार किया गया है।   उन्हें अब अदालत में और आरोपों का सामना करना पड़ेगा।  नजीब को बुधवार को उनके कार्यालय से हिरासत में लिया गया। इससे पहले मलेशिया के पूर्व प्रधानमंत्री नजीब पर कई बार आपराधिक विश्वासघात, भ्रष्टाचार और धनशोधन के आरोप लगाए जा चुके हैं।

नजीब पर यह भी आरोप है कि सरकारी कोष से 4.2 करोड़ रिंगित अर्थात 1.03 करोड डालर की राशि उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की गई।  मलेशिया के पूर्व प्रधानमंत्री नजीब रजाक 68.1 करोड़ डॉलर अपने खाते में अंतरण करने के सिलसिले में धन शोधन के 21 आरोपों का सामना कर रहे हैं।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि एक दिन पहले गिरफ्तार किये गये रजाक के खिलाफ अदालत आज दोपहर आरोप तय कर सकती है।  गुरुवार की सुबह पुलिस ने नजीब से पूछताछ की। पूछताछ के बाद मलेशिया के पुलिस विभाग के राष्ट्र उपप्रमुख नूर राशिद इब्राहीम ने एक बयान में कहा कि नजीब पर ‘‘68.1 करोड़ डॉलर के मामले में 21 आरोप लगाये गये हैं।’’  उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पर अवैध तरीके से धन प्राप्त करने, उसका इस्तेमाल करने और उसके अंतरण के संबंध में धन शोधन के आरोप लगे हैं।  रजाक पर पहले से ही धन शोधन, आपराधिक विश्वासघात, पद का दुरूपयोग करने आदि के मामले चल रहे हैं।

मलेशिया के पूर्व प्रधानमंत्री नजीब रज़्ज़ाक़ ने अपने ऊपर लगे सारे आरोपों को रद्द किया है।  उन्होंने कहा कि उनके बैंक अकाउंट में जो पैसे हैं वे वास्तव में सऊदी बादशाह की ओर से दिया जाने वाला उपहार है जिसे उन्हें सन 2011 और 2012 के बीच दिया गया था।