सऊदी अरब सीपीईसी में तीसरा रणनीतिक भागीदार नहीं होगा, पाकिस्तान
महत्वाकांक्षी चीन-पाकिस्तान आर्थिक गालियारे (सीपीईसी) में सऊदी अरब के तीसरे रणनीतिक भागीदार होने की घोषणा के कुछ ही दिन बाद पाकिस्तान ने सऊदी अरब की भागीदारी को नकार दिया है।
सीपीईसी चीन के राष्ट्रपति शी चिनपिंग की महत्वाकांक्षी 'बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव' परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। चीन इसके तहत विभिन्न ढांचागत संरचना परियोजनाओं का वित्तपोषण कर विश्व में अपना दबदबा बनाना चाहता है।
गुरुवार को पाकिस्तानी अख़बार डॉन की ख़बर के अनुसार, पाकिस्तान के योजना एवं विकास मंत्री ख़ुसरो बख्तियार ने कहा है कि सऊदी अरब इस योजना में भागीदार नहीं होगा, बल्कि रियाज़ का प्रस्तावित निवेश एक अलग द्विपक्षीय संधि के तहत होगा।
उन्होंने कहा, 'सऊदी अरब सीपीईसी में रणनीतिक भागीदार नहीं बनेगा। कोई भी तीसरा देश इसमें सिर्फ़ तभी भागीदार हो सकता है जब वह परियोजना से बाहर के निवेश व कारोबार का हिस्सा बने।
बख्तियार का कहना था कि 'चीन और पाकिस्तान के बीच समझौते की रूपरेखा द्विपक्षीय है और सऊदी अरब तृतीय पक्ष निवेशक की हैसियत से इसमें शामिल नहीं हो सकता है।'
पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के सऊदी अरब दौरे से लौटने के बाद इस देश के सूचना मंत्री फ़वाद चौधरी ने कहा था कि सऊदी अरब सीपीईसी का तीसरा रणनीतिक भागीदार है।
दिलचस्प यह है कि जब बख्तियार सीपीईसी में सऊदी के तीसरे रणनीतिक भागीदार नहीं होने का स्पष्टीकरण दे रहे थे, तब चौधरी उनकी बग़ल में ही बैठे हुए थे। msm