ओबामा व क्लिंटन को विस्फोटक पैकेट भेजने वाला गिरफ्तारः अमरीकी अधिकारी
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा वहां के पूर्व उप राष्ट्रपति जो बाइडेन और पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन सहित विभिन्न मौजूदा और पूर्व अधिकारियों को विस्फोटक वाले पैकेट भेजे जाने के सिलसिले में अमेरिकी अधिकारियों ने फ्लोरिडा में एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
अमेरिकी न्याय विभाग के प्रवक्ता ने गुरुवार को कहा कि हम एक दर्जन संदिग्ध पैकेट और चिट्ठी बम भेजे जाने के मामले में एक व्यक्ति के हिरासत में होने की पुष्टि कर सकते हैं। अमेरिकी मीडिया में आई खबरों में कहा गया कि एक संदिग्ध को फ्लोरिडा में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। एफबीआई ने इस बात की आशंका से इनकार नहीं किया है कि इस तरह के विस्फोटक वाले और भी पैकेट हो सकते हैं। मीडिया में आई विभिन्न खबरों में संदिग्ध की पहचान 50 वर्षीय सेसर सायोक के रूप में की गई है। वह फ्लोरिडा का रहने वाला है। इस संदिग्ध के बारे में कहा जा रहा है कि उसका आपराधिक रिकार्ड है और न्यूयार्क से उसका संपर्क है।
इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस के एक कार्यक्रम में कहा कि अधिकारियों ने संदिग्ध को पकड़ लिया है और उसे हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि क़ानून लागू करने वाली एजेंसियों ने अविश्वसनीय काम किया है। हमने उस व्यक्ति अथवा इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति तक पहुंचने के लिए जांच की है। यह डरावना कृत्य, बहुत ही घिनौना है और हमारे देश में इसके लिए कोई स्थान नहीं है।
ज्ञात रहे कि सोमवार से घरेलू बम और अन्य संदिग्ध विस्फोटक उपकरण ओबामा, क्लिंटन, हालीवुड अभिनेता राबर्ट दा नीरो सहित कई लोगों को भेजे गए थे।