अब योरोपीय संघ सऊदी अरब को घेर रहा है
https://parstoday.ir/hi/news/world-i70020-अब_योरोपीय_संघ_सऊदी_अरब_को_घेर_रहा_है
योरोपीय संघ ने सऊदी अरब पर दबाव बढ़ाते हुए पत्रकार जमाल ख़ाशुक़जी की हत्या के मामले में पूरी तरह पारदर्शिता दिखाने की मांग की है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Nov १८, २०१८ १५:१७ Asia/Kolkata
  • अब योरोपीय संघ सऊदी अरब को घेर रहा है

योरोपीय संघ ने सऊदी अरब पर दबाव बढ़ाते हुए पत्रकार जमाल ख़ाशुक़जी की हत्या के मामले में पूरी तरह पारदर्शिता दिखाने की मांग की है।

योरोपीय संघ की विदेश नीति प्रभारी फ़ेड्रीका मोग्रीनी ने सऊदी अरब के आलोचक पत्रकार जमाल ख़ाशुक़जी की हत्या के मामले में रियाज़ से पूरी तरह पारदर्शिता दिखाने की मांग की है।

ड्वेचे विले वेबसाइट के अनुसार, फ़ेड्रीका मोग्रीनी ने एक बयान में कहा कि सऊदी अरब जमाल ख़ाशुक़जी की हत्या के आयामों के संबंध में पूरी तरह पारदर्शिता दिखाए।

उन्होंने कहा कि ख़ाशुक़जी के परिवार के लिए भी उचित न्यायिक प्रक्रिया अहमियत रखती है।

जमाल ख़ाशुक़जी 2 अक्तूबर 2018 को तुर्की के इस्तांबूल शहर में स्थित सऊदी अरब के वाणिज्य दूतावास में जाने के बाद लापता हो गए थे। इस घटना के लगभग 3 हफ़्ते बाद सऊदी अरब ने उनकी मौत की बात स्वीकार की थी लेकिन दावा किया था कि वह वाणिज्य दूतावास के भीतर एक व्यक्ति के साथ झड़प में मारे गए।

दुनिया के अनेक देशों की सरकारें और अंतर्राष्ट्रीय संगठन, ख़ाशुक़जी की मौत के बारे में सऊदी अरब के वर्णन को झूठ समझते हैं।

ख़ाशुक़जी की हत्या की सऊदी अरब की ओर से स्वीकारोक्ति के लगभग एक महीने बाद भी उनकी हत्या के ज़िम्मेदार तत्वों और इस अपराध को अंजाम देने का हुक्म देने वालों का नाम आधिकारिक रूप से सामने नहीं आया है और अभी तक ख़ाशुक़जी के शव की स्थिति भी स्पष्ट नहीं हुयी है। (MAQ/N)