अफ़ग़ानिस्तान, मस्जिद में धमाका, दर्जनों नमाज़ी हताहत और घायल
दक्षिण पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान में स्थित एक मस्जिद में हुए धमाके में कम से कम 26 लोगों के मारे जाने की सूचना है।
अफ़ग़ानिस्तान सरकार के अधिकारियों के अनुसार यह विस्फोट शुक्रवार की दोपहर ख़ूस्त प्रांत में स्थित अफ़ग़ान सेना की एक छावनी में मौजूद मस्जिद में उस समय हुआ जब बड़ी संख्या लोग जुमे की नमाज़ पढ़ने मस्जिद में एकत्रित हुए थे। धमाका इतना शक्तिशाली था कि मस्जिद की छत और दिवारें गिर गईं। स्थानीय प्रशासन ने इस धमाके में अब तक 26 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है।
स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक़ मस्जिद में धमाका उस समय हुआ जा लोग जुमे की नमाज़ अदा कर रहे थे। इस भयानक विस्फोट में 76 लोग घायल हुए हैं, घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है जिसके कारण मरने वालों की संख्या में वृद्धि होने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि अभी तक इस धमाके की किसी आतंकी गुट ने ज़िम्मेदारी स्वीकार नहीं की है।
ज्ञात रहे कि 21 नवंबर को भी अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में ईदे मीलादुन्नबी के अवसर पर धर्मगुरुओं की सभा पर हुए आत्मघाती हमले में कम से कम 50 लोग मारे गए थे। इस धमाके में 80 से अधिक लोग घायल भी हुए थे। (RZ)