ब्रेक्जिट पर ब्रिटिश संसद में 11 दिसंबर को होगा मतदान
https://parstoday.ir/hi/news/world-i70258-ब्रेक्जिट_पर_ब्रिटिश_संसद_में_11_दिसंबर_को_होगा_मतदान
यूरोपीय यूनियन से ब्रिटेन के अलग होने के लिए हुए ब्रेक्जिट समझौते पर ब्रिटिश संसद में 11 दिसंबर को मतदान होगा। 
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Nov २७, २०१८ १२:०८ Asia/Kolkata
  • ब्रेक्जिट पर ब्रिटिश संसद में 11 दिसंबर को होगा मतदान

यूरोपीय यूनियन से ब्रिटेन के अलग होने के लिए हुए ब्रेक्जिट समझौते पर ब्रिटिश संसद में 11 दिसंबर को मतदान होगा। 

ब्रिटिश प्रधानमंत्री टेरीजा-मे ने इसकी जानकारी दी है। टेरिज़ा-मे ने सोमवार को सांसदों से कहा कि ब्रिटेन के लिए यह सबसे बेहतरीन समझौता है।  उन्होंने कहा कि यह समझौता जून 2016 में हुए जनमत संग्रह की भावना के अनुरूप है। बेल्जियम की राजधानी ब्रसल्स में रविवार को हुए सम्मेलन के बारे में हाउस ऑफ कॉमंस को जानकारी देते हुए टेरीजा-मे ने कहा कि इससे बेहतर समझौता उपलब्ध नहीं था। हमारा यह कर्तव्य है कि आने वाले हफ्तों में हम संसद में इस समझौते की विस्तार से समीक्षा करें, गरिमा के साथ इस पर बहस करें, सांसदों को ध्यान से सुनें और यह तय करें कि हमारे देश हित में क्या है?  टेरिज़ा-मे ने कहा कि देश के लोग हमसे उम्मीद करते हैं कि हम जनमत संग्रह की भावना के अनुरूप समझौता करें। उन्होंने कहा कि यह समझौता ब्रिटेन के लोगों के हितों की रक्षा करेगा।

उल्लेखनीय है कि टेरीजा-मे की कंजरवेटिव पार्टी के कुछ सांसदों के साथ ही उनकी सहयोगी उत्तरी आयरलैंड की डेमोक्रेटिक यूनियनिस्ट पार्टी "डीयूपी" के साथ विपक्षी दलों ने पहले ही संसद में समझौते के खिलाफ मतदान करने का एलान किया है।  इस बीच, ब्रसल्स में यूरोपीय यूनियन जनरल कोर्ट ने ब्रेक्जिट समझौते को रद्द करने की मांग करने वाली याचिका को सोमवार को खारिज कर दिया था।