ट्रम्प ने चीन के ख़िलाफ़ अधिक टैक्स लगाने की धमकी दी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने चीन से आयात की जाने वाली सभी वस्तुओं पर और अधिक टैक्स लगाने की धमकी दी है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि चीन से आयात की जाने वाली वस्तुओं पर और अधिक कर लगाया जाएगा जिसका नया चरण जल्द शुरू कर दिया जाएगा। ट्रम्प ने जी-20 के सम्मेलन के अवसर पर अपने चीनी समकक्ष के साथ प्रस्तावित भेंटवार्ता का हवाला देते हुए बीजिंग को यह धमकी दी कि अगर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ उनकी वार्ता असफल हुई तो चीन से आयात की जाने वाली सभी वस्तुओं पर और अधिक टैक्स लगा दिया जाएगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति का कहना था कि चीन से मंगाई जाने वाली वस्तुओं पर लगने वाले टैक्स के नए चरण की शुरूआत पहली जनवरी से किए जाने के संभावना है। उन्होंने कहा कि चीन के ख़िलाफ़ नए टैक्स प्रणाली में चीन में बनने वाले एप्पल कंपनी के मोबाइल फोन और लैपटॉप एवं कंप्यूटर भी शामिल होंगे।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक युद्ध उस समय शुरू हुआ था जब ट्रम्प ने इसी वर्ष 8 मार्च को चीन से आयात होने वाले स्टील और एल्यूमीनियम पर अतिरिक्त शुल्क लगाया था। ज्ञात रहे कि अमेरिका और चीन अब तक एक दूसरे के ख़िलाफ़ तीन सौ अरब डॉलर के मूल्य की वस्तुओं पर अतिरिक्त कर लगा चुके हैं। (RZ)